- मीनाक्षी नटराजन के नामांकन में अपराध की जानकारी छिपाना कांग्रेस का पूर्व नियोजित षड्यंत्र - डॉ. मोहन यादव - कांग्रेस का झूठ और राजनीतिक षड्यंत्र राज्यसभा के चुनाव में फिर उजागर हुआ : हेमंत खण्डेलवाल - भाजपा ने राज्यसभा की तीनों सीट जीतकर फिर एक बार इतिहास रचा है : डॉ. महेन्द्र सिंह भोपाल (ईएमएस)। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, भारतीय जनता पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल, प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह एवं क्षेत्रीय संगठन महामंत्री अजय जामवाल ने शुक्रवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में महापुरुषों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण कर राज्यसभा के तीनों नवनिर्वाचित सांसदों के विजय उत्सव में शामिल होकर उन्हें शुभकामनाएं दीं व नवनिर्वाचित राज्यसभा सांसद रजनीश अग्रवाल एवं महेश केवट का मुंह मीठा कराकर कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी मीनाक्षी नटराजन के नामांकन में अपराध की जानकारी छिपाना कांग्रेस का पूर्व नियोजित षड्यंत्र है। कांग्रेस पार्टी और उसके नेताओं ने राज्यसभा चुनाव में संभावित हार से बचने और भाजपा को बदनाम करने के लिए नामांकन में जानबूझकर गलती की थी। कांग्रेस के नेता नहीं चाहते थे कि मीनाक्षी नटराजन राज्यसभा में पहुंचें, इसलिए जानबूझकर नामांकन पत्र में अपराध की जानकारी छिपाई गई। कांग्रेस को अपने नेता-कार्यकर्ताओं व जनता पर भी भरोसा नहीं है। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक हेमंत खण्डेलवाल ने कहा कि राज्यसभा के निर्वाचन में सत्य की जीत हुई है। निर्वाचन अधिकारी ने अपराध की जानकारी छिपाने की जिस गलती के कारण कांग्रेस प्रत्याशी का नामांकन निरस्त किया था, आज सर्वोच्च न्यायालय ने भी उस पर मुहर लगा दी है। कांग्रेस पार्टी भाजपा को बदनाम करने और अपनी हार को छिपाने के लिए गलत आरोप लगा रही है। कांग्रेस का झूठ और राजनीतिक षड्यंत्र राज्यसभा के चुनाव में फिर उजागर हो गया है। भाजपा के प्रदेश प्रभारी डॉ. महेन्द्र सिंह ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की मेहनत व संगठन शक्ति से भाजपा का विजय अभियान जारी है। भाजपा ने मध्यप्रदेश की राज्यसभा की तीनों सीट विजय प्राप्त कर फिर एक बार इतिहास रचा है। इस अवसर पर उप मुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, मध्यप्रदेश शासन के मंत्री करण सिंह वर्मा, इंदर सिंह परमार, श्रीमती कृष्णा गौर, मध्यप्रदेश विधानसभा के पूर्व अध्यक्ष व विधायक डॉ. सीतासरन शर्मा, मध्यप्रदेश वेयरहाउसिंग और लॉजिस्टिक्स कॉरपोरेशन के अध्यक्ष संजय नगायच, पार्टी की प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. नंदिता पाठक, सुरेन्द्र शर्मा, प्रदेश महामंत्री राहुल कोठारी, प्रदेश मंत्री लोकेन्द्र पाराशर, सुश्री राजो मालवीय, सांसद श्रीमती माया नारोलिया, दर्शन सिंह चौधरी, प्रदेश कार्यालय मंत्री श्याम महाजन, प्रदेश मीडिया प्रभारी आशीष उषा अग्रवाल, महापौर श्रीमती मालती राय, पूर्व सांसद आलोक संजर, जिला अध्यक्ष रविन्द्र यति सहित पार्टी पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 12 जून, 2026