राज्य
12-Jun-2026
...


:: नोटिस के बाद भी नहीं सुधारी थीं कमियां; आयुक्त के निर्देश पर जोन-7 में बड़ी कार्रवाई :: इंदौर (ईएमएस)। शहर के व्यावसायिक प्रतिष्ठानों और होटलों में सुरक्षा मानकों को लेकर नगर निगम प्रशासन ने अपना रुख बेहद कड़ा कर लिया है। फायर सेफ्टी (अग्निशमन सुरक्षा) मानकों का पालन नहीं करने वाले भवनों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए निगम ने सात होटल और व्यावसायिक भवनों को सील कर दिया है। निगम आयुक्त क्षितिज सिंघल के निर्देश पर शहरभर में चलाए जा रहे विशेष निरीक्षण अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। इस दौरान भवनों में फायर अलार्म, अग्निशमन उपकरण, आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) और अन्य अनिवार्य सुरक्षा व्यवस्थाओं की बारीकी से जांच की गई। निगम अधिकारियों के मुताबिक, जिन भवनों पर सीलिंग की कार्रवाई की गई है, उन्हें नियमों के उल्लंघन पर पहले ही वैधानिक नोटिस जारी किए गए थे। नोटिस मिलने के बावजूद संबंधित संचालकों द्वारा सुरक्षा व्यवस्थाओं में आवश्यक सुधार नहीं किया गया, जिसके बाद निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर इन्हें सील करने का कदम उठाया। :: इन प्रमुख प्रतिष्ठानों पर लटके ताले :: इस विशेष मुहिम के तहत नगर निगम के जोन क्रमांक 7 के अंतर्गत आने वाले क्षेत्रों में सबसे ज्यादा कड़ाई देखी गई। टीम ने सुरक्षा मापदंडों में गंभीर लापरवाही पाए जाने पर क्षेत्र के प्रसिद्ध प्रतिष्ठानों जैसे- होटल एक्स, होटल स्काई मून और जॉय ई-बाइक के शोरूम सहित कुल सात व्यावसायिक भवनों को पूरी तरह सील कर दिया। इस अचानक हुई कार्रवाई से क्षेत्र के अन्य व्यावसायिक संचालकों में भी हड़कंप मच गया। :: नागरिकों की सुरक्षा सर्वोपरि, जारी रहेगी कार्रवाई :: नगर निगम प्रशासन ने इस कार्रवाई के बाद स्पष्ट संदेश दिया है कि शहर के नागरिकों और उपभोक्ताओं की जान-माल की सुरक्षा निगम की सर्वोच्च प्राथमिकता है। फायर सेफ्टी नियमों और एनओसी की शर्तों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान को बख्शा नहीं जाएगा। निगम ने चेतावनी दी है कि आने वाले दिनों में यह चेकिंग अभियान और तेज किया जाएगा और जहां भी कमियां मिलेंगी, वहां सीधे तालाबंदी की जाएगी। प्रकाश/12 जून 2026