- ढाई साल में 10.60 लाख से ज्यादा परिवारों को मिला पक्का घर रायपुर(ईएमएस)। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में छत्तीसगढ़ सरकार ने ग्रामीण आवास निर्माण के क्षेत्र में एक बड़ी उपलब्धि दर्ज की है। प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) और राज्य सरकार की विभिन्न आवासीय योजनाओं के माध्यम से पिछले ढाई वर्षों में 10 लाख 60 हजार से अधिक ग्रामीण आवासों का निर्माण पूरा किया गया है। सरकार का दावा है कि वर्ष 2025-26 में अकेले 6 लाख से अधिक आवास पूर्ण कर छत्तीसगढ़ देश में सबसे ज्यादा ग्रामीण आवास निर्माण करने वाला राज्य बन गया है। सरकार के अनुसार, सत्ता संभालने के बाद आयोजित पहली कैबिनेट बैठक में ही गरीब और जरूरतमंद परिवारों को पक्का घर उपलब्ध कराने का संकल्प लिया गया था। इसी के तहत प्रदेश में 18 लाख आवासों के निर्माण का लक्ष्य निर्धारित किया गया। इस महत्वाकांक्षी लक्ष्य में वर्षों से लंबित 2 लाख 46 हजार 215 अपूर्ण आवासों को पूरा करने के साथ-साथ वर्ष 2011 की स्थायी प्रतीक्षा सूची में शामिल 6 लाख 33 हजार 438 परिवारों को भी आवास उपलब्ध कराना शामिल है। इसके अलावा आवास प्लस योजना के अंतर्गत पात्र 8 लाख 19 हजार 999 परिवारों तथा मुख्यमंत्री ग्रामीण आवास न्याय योजना के तहत 47 हजार 90 हितग्राहियों को भी योजना में शामिल किया गया है। सरकार का कहना है कि किसी भी पात्र गरीब परिवार को आवास से वंचित नहीं रहने दिया जाएगा। वनांचल और दूरस्थ क्षेत्रों में भी आवास निर्माण को प्राथमिकता दी जा रही है। पीएम जनमन योजना के अंतर्गत विशेष रूप से कमजोर जनजातीय समूहों (PVTG) के लिए 33 हजार 601 आवास स्वीकृत किए गए हैं। वहीं नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में विशेष परियोजना के तहत 15 हजार अतिरिक्त मकानों का निर्माण कराया जा रहा है, ताकि विकास की मुख्यधारा से जुड़े इन इलाकों में भी बुनियादी सुविधाएं पहुंच सकें। पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अनुसार आवास निर्माण कार्य को तेज गति देने के लिए अब तक 26,908 करोड़ रुपये की राशि उपलब्ध कराई जा चुकी है। विभाग का दावा है कि पिछले वर्ष अप्रैल से अक्टूबर के बीच प्रतिदिन औसतन 2 हजार आवासों का निर्माण पूरा हुआ, जबकि वर्तमान में भी रोजाना 1600 से अधिक मकानों का निर्माण किया जा रहा है। यह उपलब्धि राष्ट्रीय स्तर पर सबसे बेहतर प्रदर्शन मानी जा रही है। मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि सरकार का उद्देश्य केवल मकान बनाना नहीं, बल्कि गरीब परिवारों को सम्मानजनक जीवन, सामाजिक सुरक्षा और बेहतर भविष्य उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि पक्का घर हर परिवार का सपना होता है और सरकार उस सपने को साकार करने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। इस उपलब्धि पर उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा ने मुख्यमंत्री विष्णु देव साय को पत्र लिखकर बधाई दी है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व, प्रशासनिक इच्छाशक्ति और विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से लाखों गरीब परिवारों को स्थायी आवास उपलब्ध कराने का लक्ष्य तेजी से पूरा हो रहा है। उन्होंने इसे प्रदेश के ग्रामीण विकास और सामाजिक सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक उपलब्धि बताया। सत्यप्रकाश(ईएमएस)13 जून 2026