इन्दौर (ईएमएस)। स्थानीय जाल सभागृह में इंदौर मैनेजमेंट एसोसिएशन (आईएमए) द्वारा 3 दिवसीय डिजिटल मार्केटिंग वर्कशॉप का आयोजन इस सोच के साथ आयोजित किया कि यदि वर्तमान समय में कारोबार बढ़ाना हो, नौकरी पानी हो या घर बैठे कमाई करनी हो तो डिजिटल मार्केटिंग सीखना जरूरी है। वर्कशॉप के मुख्य प्रशिक्षक एवं डिजिटल मार्केटिंग विशेषज्ञ पवन त्रिपाठी ने तीनों दिन प्रतिभागियों को सरल भाषा और लाइव उदाहरणों के साथ प्रशिक्षण दिया। उन्होंने कहा, आज डिजिटल स्किल उतनी ही जरूरी हो गई है जितना कभी पढ़ना-लिखना था। जो व्यापारी और युवा आज एआई और डिजिटल मार्केटिंग सीख लेंगे, आने वाले समय में वही आगे रहेंगे। अच्छी बात यह है कि इसे सीखने के लिए न बड़ी डिग्री चाहिए, न बड़ा शहर, सिर्फ सीखने की इच्छा चाहिए। वर्कशॉप में 40 से अधिक विद्यार्थियों, व्यापारियों, उद्यमियों और नौकरीपेशा लोगों ने भाग लेकर डिजिटल मार्केटिंग व आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) के आधुनिक टूल्स की व्यावहारिक ट्रेनिंग ली। - 13 जून 2026