क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


- सुविधाओं की कमी और स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ का मुद्दा भी उठाया बिलासपुर (ईएमएस)। भोजपुरी टोल प्लाजा पर स्थानीय वाहन चालकों, छात्रों और आम नागरिकों से टोल वसूली के विरोध में एनएसयूआई ने शुक्रवार को प्रदर्शन कर टोल प्लाजा का घेराव किया। प्रदेश उपाध्यक्ष लक्की मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस आंदोलन में बड़ी संख्या में छात्र नेताओं और युवाओं ने भाग लिया। संगठन ने मांग की कि सीजी-10 पंजीयन वाले स्थानीय वाहनों तथा क्षेत्र के छात्रों को टोल शुल्क से छूट दी जाए। लक्की मिश्रा ने कहा कि स्थानीय नागरिक रोजमर्रा के कार्य, शिक्षा और रोजगार के लिए इस मार्ग का उपयोग करते हैं। ऐसे में उनसे बार-बार टोल वसूली करना अनुचित है। उन्होंने कहा कि यदि स्थानीय लोगों पर आर्थिक बोझ डाला जा रहा है तो इसकी समीक्षा की जानी चाहिए। साथ ही टोल प्लाजा पर यात्रियों को उपलब्ध कराई जाने वाली सुविधाओं की भी जांच आवश्यक है। - स्थानीय लोगों और छात्रों को राहत देने की मांग एनएसयूआई का कहना है कि टोल प्लाजा से सबसे अधिक प्रभावित आसपास के गांवों और शहर के लोग हैं। छात्र प्रतिदिन अध्ययन के लिए इस मार्ग से गुजरते हैं और उन्हें अतिरिक्त आर्थिक भार उठाना पड़ता है। संगठन ने स्थानीय वाहनों को विशेष छूट और छात्रों के लिए अलग व्यवस्था लागू करने की मांग की है। चेतावनी दी गई कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। - सुविधाओं की भी होगी समीक्षा प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई कार्यकर्ताओं ने टोल प्लाजा पर उपलब्ध सुविधाओं की स्थिति का भी जायजा लिया। संगठन का कहना है कि टोल वसूली के साथ यात्रियों को पेयजल, स्वच्छ शौचालय, प्राथमिक उपचार, हेल्पलाइन, सीसीटीवी निगरानी, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और आपातकालीन सहायता जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराना अनिवार्य है। इन व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की कमी पाए जाने पर मामला प्रशासन और एनएचएआई के समक्ष उठाया जाएगा। - ये रहे घेराव में शामिल कार्यक्रम में क्षेत्रीय प्रभारी पार्षद कृष्णा साहू, लाला यादव, शानू खान, अदिति वर्मा, युवराज तिवारी, प्रतीक तिवारी, पवन यादव, आशीष भारद्वाज, फरान खान, सुजल द्विवेदी, सुमित सूर्यवंशी, उमर अहमद, ऋषि पटेल, सार्थक मिश्रा, आदित्य यादव, समीर महानंद, जाहिद, गोपी कौशिक, आजाद शर्मा सहित बड़ी संख्या में छात्र नेता और युवा कार्यकर्ता उपस्थित रहे। - 13 जून 2026