- प्रदेश अध्यक्ष पद के लिए दिल्ली तक लॉबिंग, दावेदारों को बुलाया हाईकमान बिलासपुर (ईएमएस)। छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष पद को लेकर संगठन के भीतर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। चुनाव से पहले दावेदारों के इंटरव्यू हाईकमान ले रही है। इसी बीच युवा कांग्रेस के निर्वाचित प्रदेश महासचिव भावेन्द्र गंगोत्री का दिल्ली दौरा चर्चाओं का केंद्र बन गया है। संगठन के शीर्ष नेतृत्व द्वारा उन्हें महत्वपूर्ण चर्चा के लिए दिल्ली बुलाए जाने के बाद प्रदेश की राजनीति में यह माना जा रहा है कि प्रदेश अध्यक्ष पद की दौड़ में उनका नाम प्रमुख दावेदारों में शामिल हो गया है। युवा कांग्रेस में जमीनी स्तर से राजनीति शुरू करने वाले भावेन्द्र गंगोत्री पूर्व में निर्वाचित जिला अध्यक्ष रह चुके हैं और वर्तमान में प्रदेश महासचिव के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। किसानों, युवाओं, छात्रों और बेरोजगारों के मुद्दों को लेकर उनके लगातार आंदोलनों और संगठनात्मक सक्रियता ने उन्हें प्रदेशभर में पहचान दिलाई है। राष्ट्रीय स्तर पर हो रही बैठक सूत्रों के अनुसार दिल्ली प्रवास के दौरान उनकी युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय नेतृत्व के साथ अहम बैठकें प्रस्तावित हैं। इन बैठकों में संगठन की आगामी रणनीति, प्रदेश में युवाओं की भागीदारी और नेतृत्व से जुड़े विषयों पर चर्चा हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में इसे प्रदेश अध्यक्ष पद के चुनावी समीकरणों से जोडकऱ भी देखा जा रहा है। - 13 जून 2026