क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। नगर निगम आयुक्त के निर्देश पर व्यापार विहार क्षेत्र में अमानक स्तर की प्लास्टिक सामग्री के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया गया। अभियान के तहत अतिक्रमण टीम, पर्यावरण टीम एवं स्वच्छता पेट्रोलिंग टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए प्रतिबंधित एवं अमानक प्लास्टिक सामग्री रखने वाले दुकानदारों पर कार्रवाई की। कार्रवाई का निरीक्षण उपायुक्त अंकुर पांडेय एवं स्वास्थ्य अधिकारी प्रवेश कश्यप द्वारा किया गया। जांच के दौरान व्यापार विहार स्थित अमर ट्रेडर्स, नानक ट्रेडर्स एवं गणेश ट्रेडर्स में बड़ी मात्रा में अमानक स्तर की प्लास्टिक कैरीबैग और डिस्पोजल सामग्री पाई गई। निगम की टीम ने तीनों दुकानों से लगभग 350 किलोग्राम प्लास्टिक सामग्री जब्त कर ली। तीन दुकानों पर लगाया गया अर्थदंड नगर निगम की टीम ने कार्रवाई के दौरान संबंधित दुकानदारों पर कुल 13 हजार रुपये का अर्थदंड भी लगाया। अधिकारियों ने दुकानदारों को भविष्य में प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री का भंडारण एवं बिक्री नहीं करने की चेतावनी दी। पर्यावरण संरक्षण के लिए जारी रहेगा अभियान नगर निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सिंगल-यूज़ एवं अमानक प्लास्टिक के उपयोग को रोकने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा। अधिकारियों ने व्यापारियों से शासन के नियमों का पालन करने और पर्यावरण के अनुकूल विकल्प अपनाने की अपील की है। निगम का कहना है कि प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण और स्वच्छता व्यवस्था पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ता है, इसलिए नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। - 13 जून 2026