क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। दयालबंद स्थित मधुबन मुक्तिधाम के पास अवैध रूप से कब्जा कर संचालित की जा रही चकना दुकानों पर कार्रवाई करते हुए उनका संचालन बंद करा दिया गया। निगम प्रशासन की पहल पर की गई इस कार्रवाई के दौरान मुक्तिधाम परिसर के आसपास किए गए अतिक्रमण को हटाया गया और संबंधित लोगों को भविष्य में दोबारा कब्जा नहीं करने की चेतावनी दी गई। जानकारी के अनुसार ममता कुशवाहा पति अशोक कुशवाहा, सुनती वर्मा, पवन सोनी, राकेश मौर्या तथा पिंटू बल द्वारा मुक्तिधाम के समीप अवैध रूप से कब्जा कर चकना दुकानों का संचालन किया जा रहा था। लंबे समय से संचालित इन दुकानों को लेकर स्थानीय लोगों द्वारा शिकायत भी की जा रही थी। शिकायतों के बाद मौके पर पहुंची टीम ने स्थिति का निरीक्षण किया और कार्रवाई करते हुए दुकानों का संचालन बंद करा दिया। सार्वजनिक स्थल पर कब्जे को लेकर थी शिकायत स्थानीय नागरिकों का कहना था कि मुक्तिधाम जैसे सार्वजनिक और संवेदनशील स्थल के आसपास अवैध गतिविधियों से लोगों को असुविधा हो रही थी। कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने राहत की सांस ली है। अवैध कब्जों पर जारी रहेगी कार्रवाई प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि सार्वजनिक स्थलों, शासकीय भूमि और धार्मिक अथवा सामाजिक उपयोग की जगहों पर किए गए अवैध कब्जों को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। संबंधित लोगों को निर्देश दिए गए हैं कि वे दोबारा अतिक्रमण न करें। अधिकारियों ने कहा कि शहर में अवैध कब्जों और बिना अनुमति संचालित गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा। - 13 जून 2026