क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे ने रेल अधोसंरचना विकास के क्षेत्र में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल करते हुए रसमड़ा रेलवे स्टेशन पर नई गुड्स शेड लाइन का कमीशनिंग कार्य रिकॉर्ड समय में पूरा कर लिया है। इस नई लाइन के शुरू होने से माल परिवहन क्षमता में वृद्धि होगी तथा क्षेत्र में औद्योगिक एवं आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। महाप्रबंधक तरुण प्रकाश के मार्गदर्शन और नागपुर मंडल के मंडल रेल प्रबंधक दीपक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में गति शक्ति यूनिट नागपुर तथा विभिन्न विभागों के समन्वित प्रयासों से इस चुनौतीपूर्ण परियोजना को निर्धारित समय सीमा में पूरा किया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार कार्य के दौरान सुरक्षा, गुणवत्ता और समयबद्धता के उच्च मानकों का पालन किया गया। उत्कृष्ट टीमवर्क से मिली सफलता प्री-नॉन इंटरलॉकिंग चरण में मात्र 6 घंटे के ट्रैफिक ब्लॉक के दौरान 10 पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग्स का इंसर्शन तथा 2 पॉइंट्स एवं क्रॉसिंग्स का डिस्मेंटलिंग किया गया। इसके बाद नॉन-इंटरलॉकिंग कार्य केवल 12 घंटे में पूरा कर परियोजना का सफल कमीशनिंग कर लिया गया। रेलवे अधिकारियों ने इसे उत्कृष्ट योजना, तकनीकी दक्षता और बेहतर टीमवर्क का परिणाम बताया है। दुर्ग स्टेशन के विकास को मिलेगी रफ्तार रसमड़ा में नई गुड्स शेड लाइन शुरू होने से वर्तमान में दुर्ग स्टेशन क्षेत्र में संचालित माल लदान एवं माल ढुलाई गतिविधियों को चरणबद्ध तरीके से स्थानांतरित किया जा सकेगा। इससे दुर्ग स्टेशन पर यात्री सुविधाओं के विस्तार, स्टेशन पुनर्विकास और अन्य आधुनिक अधोसंरचना परियोजनाओं को गति मिलेगी। रेलवे का मानना है कि इससे यात्रियों को बेहतर सुविधाएँ मिलने के साथ माल परिवहन व्यवस्था भी अधिक प्रभावी और सुव्यवस्थित होगी। - 13 जून 2026