क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


बिलासपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे मुख्यालय एवं बिलासपुर मंडल के संयुक्त तत्वावधान में बिलासपुर स्थित एनईआई ऑडिटोरियम में नई श्रम संहिताओं एवं नियमों पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला में रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारियों, कर्मचारियों तथा ठेकेदारों को श्रम कानूनों में हुए नवीनतम बदलावों और उनके अनुपालन संबंधी आवश्यकताओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कार्यक्रम में क्षेत्रीय श्रम आयुक्त (केंद्रीय) बिलासपुर प्रवीण कुमार तथा श्रम प्रवर्तन अधिकारी (केंद्रीय) अभिषेक सिंह चौहान ने विशेषज्ञ वक्ता के रूप में भाग लिया। उन्होंने नई श्रम संहिताओं, ठेका श्रमिकों से जुड़े प्रावधानों, सामाजिक सुरक्षा, वेतन भुगतान, औद्योगिक संबंधों तथा कार्यस्थल सुरक्षा से संबंधित विषयों पर विस्तार से जानकारी साझा की। श्रमिक हितों की सुरक्षा पर दिया गया जोर विशेषज्ञों ने श्रम कानूनों के प्रभावी अनुपालन, रिकॉर्ड संधारण और श्रमिक कल्याण उपायों के संबंध में व्यावहारिक मार्गदर्शन भी दिया। इस दौरान प्रतिभागियों की जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए श्रम कानूनों के पालन में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने पर बल दिया गया। बड़ी संख्या में अधिकारी और ठेकेदार हुए शामिल कार्यशाला में उप मुख्य कार्मिक अधिकारी उदय भारती, वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी डॉ. अंशुमान मिश्रा सहित रेलवे के विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारी, ठेकेदार एवं संबंधित प्रतिनिधि शामिल हुए। प्रतिभागियों ने कार्यक्रम को उपयोगी और ज्ञानवर्धक बताते हुए कहा कि इससे नई श्रम संहिताओं की बेहतर समझ विकसित हुई है। रेलवे अधिकारियों ने कहा कि ऐसे आयोजन श्रमिक हितों के संरक्षण और सुरक्षित कार्य वातावरण के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। - 13 जून 2026