मनोरंजन
13-Jun-2026
...


सीएम, डिप्टी सीएम समेत नर्सिंगकर्मी मौजूद, फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह जयपुर,(ईएमएस)। बॉलीवुड अभिनेत्री और बीजेपी सांसद कंगना रनौत जयपुर पहुंचीं, जहां उनकी फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ की विशेष स्क्रीनिंग हुई। इस अवसर पर सीएम भजनलाल शर्मा, उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी, फिल्म के निर्माता जयंतीलाल गड़ा, जनप्रतिनिधि, चिकित्सा क्षेत्र से जुड़े लोग और बड़ी संख्या में नर्सिंगकर्मी मौजूद थे। फिल्म की स्क्रीनिंग के बाद कंगना ने 26/11 मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के नर्सिंग स्टाफ द्वारा दिखाई गई बहादुरी को याद किया और कहा कि देश आज भी उन नायकों का ऋणी है। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक कंगना ने कहा कि 26/11 के मुंबई आतंकी हमलों के दौरान कामा अस्पताल के नर्सिंगकर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर कई मरीजों और गर्भवती महिलाओं की जान बचाई थी। इस अद्भुत साहस की कहानी को लेकर यह फिल्म बनी है। उस समय महाराष्ट्र सरकार ने इन जांबाज नर्सिंग स्टाफ को एक महीने का अतिरिक्त वेतन या इंक्रीमेंट देने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक उन्हें वह नहीं मिल सका है। उन्होंने कहा कि जब उन्होंने इस घटना के बारे में विस्तार से जाना तो यही बात उन्हें सबसे ज्यादा परेशान कर गई। जब मैंने यह कहानी सुनी थी तो सबसे ज्यादा मुझे यही बात चुभी थी। आज तक उन बेचारों को वह इंक्रीमेंट तक नहीं मिला, जिसका उनसे वादा किया गया था। उस समय कांग्रेस की सरकार थी। कई बातें ऐसी थीं जिन्हें दबाने और अंडरप्ले करने की कोशिश की गई, लेकिन यह उन लोगों की कहानी है, जिन्होंने देश और मानवता के लिए अपनी जान की परवाह नहीं की। कंगना ने कहा कि पीएम मोदी ने देश के कर्मयोगियों को भारत भाग्य विधाता कहा है और उसी भावना से प्रेरित होकर फिल्म का नाम रखा गया। उन्होंने कहा कि हमारी सरकार ने हमेशा ऐसे कर्मयोगियों का सम्मान किया है। कंगना ने जयपुर में स्वास्थ्य क्षेत्र से जुड़े कर्मियों के सम्मान पर खुशी जताते हुए कहा कि समाज को ऐसे लोगों से प्रेरणा लेनी चाहिए। आज जयपुर के उन अदृश्य हीरोज का सम्मान किया गया जो बिना किसी पहचान, बिना किसी क्रेडिट और बिना किसी सराहना के देश की सेवा कर रहे हैं। हमें उनसे सीखना चाहिए कि कर्तव्य क्या होता है और राष्ट्र सेवा का असली अर्थ क्या है। कंगना ने उप मुख्यमंत्री दीया कुमारी का आभार व्यक्त करते हुए फिल्म को टैक्स फ्री करने का आग्रह भी किया। उन्होंने कहा कि दीया कुमारी ने पूरी फिल्म देखी और बहनों एवं कर्मचारियों को समर्पित इस फिल्म की सराहना की। फिल्म टैक्स फ्री हो ताकि ज्यादा से ज्यादा लोग इसे देख सकें। विशेष रूप से स्वास्थ्य कर्मी और इस क्षेत्र से जुड़े लोग इससे खुद को जोड़ पाएंगे। सिराज/ईएमएस 13जून26