भविष्य के बड़े आतंकी षड्यंत्र का हुआ पर्दाफाश, सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस की तारीफ की भोपाल(ईएमएस)। राजधानी भोपाल में एंटी टेररिस्ट स्क्वॉड (एटीएस) की हालिया कार्रवाई को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने भोपाल में ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि, सुरक्षा एजेंसियों ने समय रहते ऐसे व्यक्ति को गिरफ्तार किया है, जो भविष्य में बड़ा आतंकी बनकर देश की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा पैदा कर सकता था। आरोपी के माध्यम से एक बड़े षड्यंत्र का पर्दाफाश हुआ है, और जांच एजेंसियां मामले की गहराई से पड़ताल कर रही हैं। - संदिग्ध आतंकी का पाकिस्तान कनेक्शन सीएम डॉ. मोहन यादव ने शनिवार को पुलिस मुख्यालय (पीएचक्यू) में प्रदेश की कानून व्यवस्था और पुलिस कार्यप्रणाली की समीक्षा बैठक भी की। इस दौरान उन्होंने कहा कि, उनकी सरकार के ढाई वर्षों के कार्यकाल में मध्य प्रदेश पुलिस ने कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की हैं। भोपाल मे संदिग्ध आतंकी के पकडे जाने पर मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव कहा कि, आरोपी के पास से जिहादी मानसिकता से संबंधित बड़ी मात्रा में साहित्य बरामद हुआ है। प्रारंभिक जांच में उसके पाकिस्तान से संपर्क में होने की बात भी सामने आई है। - राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को नहीं करेंगे बर्दाश्त उन्होंने कहा कि, यह केवल एक व्यक्ति की गिरफ्तारी नहीं, बल्कि देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ सुरक्षा एजेंसियों की सतर्कता और दक्षता का प्रमाण है। जिस प्रकार बिल में छिपे सांपों और सपोलों को बाहर निकालना जरूरी होता है, उसी तरह यदि ऐसे और लोग किसी नेटवर्क का हिस्सा हैं तो मध्य प्रदेश पुलिस उन्हें भी खोज निकालने और कानून के शिकंजे में लाने में पूरी तरह सक्षम है। उन्होंने सुरक्षा एजेंसियों और पुलिस के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि, प्रदेश में राष्ट्रविरोधी गतिविधियों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जुनेद / 13 जून