क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


रायपुर (ईएमएस)। दक्षिण पूर्व मध्य रेलवे रायपुर रेल मंडल के संरक्षा विभाग द्वारा अंतर्राष्ट्रीय समपार फाटक जागरूकता दिवस के अवसर पर 06 जून से 12 जून 2026 तक विशेष जागरूकता अभियान चलाया गया, जिसका समापन 12 जून को हुआ। अभियान का मुख्य उद्देश्य आमजन को समपार फाटक को सुरक्षित तरीके से पार करने के प्रति जागरूक करना था। अभियान के अंतिम दिन संरक्षा अधिकारियों, संरक्षा सलाहकारों एवं सिविल डिफेंस वोलैंटियर्स द्वारा उरकुरा गेट (फाटक-414), उरकुरा पश्चिम गेट (फाटक-415), खमतराई गेट (फाटक-417), सरस्वती नगर गेट (फाटक-419), रायपुर एवं सरस्वती नगर स्टेशन तथा ट्रेन क्रमांक 12536 में जागरूकता कार्यक्रम चलाया गया। इस दौरान पाम्पलेट वितरण, स्टीकर चिपकाने, बैनर लगाने एवं माइक के माध्यम से लोगों को जागरूक किया गया। कुल लगभग 660 लोगों को समपार फाटक से संबंधित सुरक्षा नियमों की जानकारी देते हुए काउंसलिंग की गई। रेलवे द्वारा लोगों को समपार फाटक पार करते समय वाहन धीमा चलाने, सिग्नल हरा होने पर ही आगे बढ़ने, फाटक बंद होने पर प्रतीक्षा करने तथा फाटक पार करते समय मोबाइल का उपयोग न करने की सलाह दी गई। - 13 जून 2026