टेक्सास,(ईएमएस)। अमेरिका के टेक्सास राज्य के मिडलैंड शहर में शुक्रवार सुबह हुई गोलीबारी की घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि नौ अन्य लोग घायल हो गए। घटना के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई और संघीय एजेंसियों को भी जांच में शामिल किया गया। पुलिस के अनुसार संदिग्ध हमलावर की पहचान विक्टर मेटा वेलेरील के रूप में हुई है, जो ओडेसा का निवासी था। स्थानीय समयानुसार सुबह करीब आठ बजे एक औद्योगिक क्षेत्र से गोलीबारी की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। इसके बाद संदिग्ध और सुरक्षा बलों के बीच लगभग दो घंटे तक तनावपूर्ण आमना-सामना चला। अधिकारियों ने बताया कि संदिग्ध पहले से वांछित था। उस पर दो दिन पूर्व एक वाहन पीछा करने की घटना के दौरान मिडलैंड पुलिस के एक अधिकारी पर गोली चलाने का आरोप था। इस मामले में उसके खिलाफ हत्या के प्रयास का मुकदमा भी दर्ज किया गया था। घटना में घायल हुए सभी लोगों को मिडलेंड मेमोरियल हॉस्पिटल में भर्ती कराया गया। अस्पताल प्रशासन ने सुरक्षा कारणों से आपातकालीन विभाग को अस्थायी रूप से लॉकडाउन कर दिया। अस्पताल के अनुसार चार घायलों की सर्जरी की गई, जबकि पांच अन्य की हालत स्थिर बताई गई। बाद में कुछ मरीजों को उपचार के बाद छुट्टी भी दे दी गई। पुलिस ने अभियान के दौरान बख्तरबंद वाहनों और रोबोटिक उपकरणों का उपयोग किया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार इलाके में लगातार गोलीबारी की आवाजें सुनाई दीं और दर्जनों राउंड फायर किए गए। अधिकारियों ने बाद में पुष्टि की कि संदिग्ध की मौत हो गई है। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि हमले के पीछे की मंशा क्या थी और क्या संदिग्ध ने अकेले कार्रवाई की थी या उसके किसी अन्य व्यक्ति से भी संबंध थे। हिदायत/ईएमएस 13जून26