चटगांव(ईएमएस)। बांग्लादेश टेस्ट टीम के स्पिनर नईम हसन ने चटगांव पुलिस पर मारपीट और गाली देने के आरोप लगाए हैं। नईम का दावा है कि पुलिसकर्मियों ने उन्हें गला पकडक़र गाड़ी में बैठाया और फिर डंटे से पीटा। 26 साल के क्रिकेटर ने कहा- मैंने अधिकारियों को अपने नेशनल क्रिकेटर होने की बात भी बताई, लेकिन वे नहीं रुके। नईम ढाका प्रीमियर लीग में प्राइम बैंक क्रिकेट क्लब के लिए अपना आखिरी मैच खेलने के बाद 12 जून की रात फ्लाइट से चटगांव पहुंचे थे। वे रात 11:25 बजे सीएनजी ऑटो से घर लौट रहे थे, तब लंकन बाजार फ्लाईओवर के नीचे पुलिस ने उनका वाहन रोक लिया और मारपीट की। ढाका ट्रिब्यून के अनुसार तीन अधिकारियों को हटा दिया गया है। नईम जिम्बाब्वे के खिलाफ इकलौते टेस्ट के लिए बांग्लादेश के टेस्ट टीम में चुने गए हैं। विनोद उपाध्याय / 13 जून, 2026