बीजिंग,(ईएमएस)। चीन के वुजिन शहर में एक भयावह हेलिकॉप्टर दुर्घटना हुई, जिसमें एक हेलिकॉप्टर खेत में गिरने के बाद दो टुकड़ों में टूट गया। हादसे के बावजूद उसके रोटर ब्लेड तेज गति से चरखी की तरह घूमते रहे, जिससे उसमें फंसे पायलटों की जान पर बन आई। हालांकि, सीट बेल्ट ने चमत्कारिक रूप से उनकी जान बचा ली। सामने आए वीडियो में देख सकते है कि हेलिकॉप्टर के कॉकपिट के अंदर फंसे दोनों पायलट लगातार झटके खा रहे थे। एक पायलट, आधे से ज्यादा हेलिकॉप्टर के दरवाजे से बाहर लटका हुआ था और कई बार जमीन व हेलिकॉप्टर के किनारे से टकराया। पास की सड़क पर मौजूद लोग यह सब देखकर इकट्ठा हो गए, लेकिन लगातार घूम रहे ब्लेड के कारण कोई भी उनकी मदद के लिए आगे नहीं बढ़ सका। रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना वुजिन में दोपहर 2 बजे हुई। सूचना मिलते ही आपातकालीन सेवाएं तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं और दोनों घायल पायलटों को अस्पताल पहुंचाया। एक पायलट को उपचार के बाद छुट्टी दे दी गई है, जबकि दूसरा अभी डॉक्टरों की निगरानी में है। राहत की बात यह है कि किसी की भी हालत जानलेवा नहीं बताई गई है। हेलिकॉप्टर हादसे के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी गई है। यह घटना चीन में हाल के वर्षों में सामने आई कई विमान दुर्घटनाओं की कड़ी में एक और मामला है। आशीष दुबे / 13 जून 2026