- श्रमदान करते मंत्री व अन्य। शाजापुर (ईएमएस)। जल स्रोतों को पुनर्जीवित करने और उनके संरक्षण के उद्देश्य से चलाए जा रहे जलगंगा संवर्धन अभियान के तहत शनिवार को शुजालपुर की जमधड़ नदी में सफाई और गहरीकरण का बड़ा अभियान चलाया गया। इस मौके पर प्रदेश के उच्च शिक्षा, तकनीकी शिक्षा एवं आयुष मंत्री इंदर सिंह परमार ने स्वयं आगे आकर श्रमदान किया और जनभागीदारी की एक बेहतरीन मिसाल पेश की। मंत्री परमार ने पहले नदी के संरक्षण और संवर्धन के लिए चल रहे कार्यों का बारीकी से जायजा लिया। इसके बाद उन्होंने खुद फावड़ा और तगारी उठाकर नदी के गहरीकरण और शुद्धिकरण कार्य में अपना पसीना बहाया। मंत्री को खुद श्रमदान करते देख वहां मौजूद स्थानीय लोगों का उत्साह भी दोगुना हो गया। श्रमदान के साथ-साथ पर्यावरण को सहेजने के लिए मंत्री परमार ने नदी के किनारे पौधारोपण भी किया। उन्होंने मौके पर मौजूद लोगों को संदेश दिया कि जल और पर्यावरण का संरक्षण केवल सरकार का काम नहीं है, बल्कि यह पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। अधिकारियों और आमजन ने भी बंटाया हाथ मंत्री की इस पहल के बाद कार्यक्रम में मौजूद जनप्रतिनिधियों, प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों ने भी पूरी ऊर्जा के साथ नदी की सफाई में अपना योगदान दिया। इस महत्वपूर्ण अभियान के दौरान शुजालपुर के अनुविभागीय अधिकारी सहित क्षेत्र के कई अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और गणमान्य नागरिक विशेष रूप से मौजूद रहे। ईएमएस/राजेश कलजोरिया/ 13 जून 2026