क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


खरगोन (ईएमएस) । भाजपा युवा मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष श्याम टेलर का शनिवार को प्रथम नगर आगमन हुआ। उनके आगमन पर भाजपा कार्यकर्ताओं और युवा मोर्चा के सदस्यों ने अपूर्व उत्साह नजर आया। शहर पहुंचने पर स्वागत मंचों की होड़ सी नजर आई। युवाओं ने शहर के प्रमुख मार्गों पर जगह-जगह स्वागत मंच लगाए गए थे, जहां टेलर का अभिनंदन किया गया। कार्यकर्ताओं ने पुष्प वर्षा कर और नारे लगाकर अपनी खुशी का इजहार किया। ढ़ोल-मांदल की थाप पर झूमे। कार्यालय पर आयोजित सभा में टेलर का भव्य स्वागत किया गया। यहां सांसद गजेंद्र पटेल, जिलाध्यक्ष नंदा ब्राह्मणे, विधायक बालकृष्ण पाटीदार ने उपस्थित युवाओं को संबोधित किया। प्रदेश अध्यक्ष श्री टेलर ने युवा शक्ति की महत्ता पर जोर देते हुए कहा कि युवाओं में देश में सकारात्मक परिवर्तन लाने और नया इतिहास रचने की क्षमता है। उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे अपनी ऊर्जा का उपयोग राष्ट्र निर्माण और समाज सेवा के कार्यों में करें। टेलर ने प्रधानमंत्री के वर्तमान कार्यकाल की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि आज भारत एक मजबूत राष्ट्र के रूप में खड़ा है, जहां आवश्यकता पडऩे पर हम ऑपरेशन सिंदूर और सर्जिकल स्ट्राइक जैसे बड़े निर्णय करने से पीछे नहीं हटते। उन्होंने पूर्ववर्ती कांग्रेस सरकार के कार्यकाल की आलोचना करते हुए कहा कि एक दौर था जब कांग्रेस के शासनकाल में नित नए घोटाले सामने आते थे, जिससे देश की छवि धूमिल होती थी। टेलर ने युवाओं को भाजपा की नीतियों से जुड़कर देश के विकास में भागीदार बनने के लिए प्रेरित किया। श्री टेलर ने युवाओं को सीख देते हुए कहा कि आज भाजपा विश्व का सबसे बड़ा संगठन है, चहुंओर भाजपा की सरकारें है। इस भव्य इमारत की नींव को नही भूलना चाहिए। इस संगठन को यहां तक पहुंचाने में हमारे बलिदानी, संघर्ष के समय से पार्टी को उबारने वाले नेतृत्व का सम्मान करते हुए इसे इसी तरह सफलता के शिखर पर पहुंचाना है। स्वागत भाषण भाजयुमो जिलाध्यक्ष रवि वर्मा ने दिया। इस अवसर पर महिला मोर्चा जिलाध्यक्ष शीला पटेल, पूर्व विधायक बाबूलाल महाजन, भाजयुमो के प्रदेश पदाधिकारी आशीष झाला, अंकित आर्य, अमन राय, रवि शर्मा, प्रीतम बड़ोले, सुनील पाटीदार, भीकनगांव मंडल अध्यक्ष धर्मेंद्र तंवर आदि मंचासीन रहे। संचालन मुकेश पाटीदार ने किया। बड़ी संख्या में युवा मोर्चा के कार्यकर्ता और संगठन पदाधिकारी मौजूद रहे। नाज़िम शेख, १३ जून २०२६