क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


देवास (ईएमएस)। इंदौर जिले के ग्रामीण हार्ट बाज़ार में आयोजित ब्रिक्स सम्मेलन के अंतर्गत प्रदेश स्तरीय प्रदर्शनी में देवास जिले के उत्पादों ने विशेष आकर्षण का केंद्र बनकर देश-विदेश से आए प्रतिनिधियों का ध्यान अपनी ओर खींचा। प्रदर्शनी में देवास जिले की श्री दीप ज्योति एफपीओ द्वारा गौ-आधारित उत्पादों एवं जैविक कृषि उत्पादों का स्टॉल लगाया गया, जिसे विदेशी मेहमानों सहित बड़ी संख्या में आगंतुकों ने सराहा। एफपीओ द्वारा लगाए गए स्टॉल पर गौ उत्पादों से निर्मित गणेश प्रतिमा, माला, दीपक, धूपबत्ती सहित गौ-आधारित कृषि उत्पादों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही हाथ चक्की से तैयार की गई प्राकृतिक एवं जैविक दालों में मामाजी मूंग दाल, मामाजी अरहर दाल एवं चना दाल को विशेष रूप से प्रदर्शित किया गया। ब्राजील सहित विभिन्न देशों से आए प्रतिनिधियों ने इन उत्पादों में गहरी रुचि दिखाई और उनकी गुणवत्ता की प्रशंसा की। प्रदर्शनी के दौरान एफपीओ के प्रतिनिधियों ने विदेशी मेहमानों को भारत की जैविक खेती की परंपरा, जैविक भोजन की संस्कृति तथा गौ-आधारित कृषि के महत्व की विस्तृत जानकारी दी। देवास जिले द्वारा बीआरसी सेंटर का जीवंत प्रदर्शन भी प्रस्तुत किया गया, जिसका फॉरेन डेलीगेट्स ने अवलोकन कर सराहना की। ग्रामीण हार्ट बाज़ार में आयोजित इस प्रदर्शनी में देवास के अलावा झाबुआ, बुरहानपुर, मंडला, छिंदवाड़ा, नीमच एवं बालाघाट जिलों द्वारा भी विभिन्न प्रकार के जैविक एवं कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी लगाई गई। विदेशी प्रतिनिधियों ने प्रत्येक स्टॉल पर पहुंचकर उत्पादों, उनकी निर्माण प्रक्रिया एवं उपयोगिता की विस्तार से जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम का आयोजन कृषि विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों के मार्गदर्शन में किया गया। इसमें कृषि सचिव, कृषि संचालक, एमडी मंडी बोर्ड, डीएस अधिकारी सहित जिला प्रशासन इंदौर का विशेष सहयोग रहा। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसानों, विभागीय अधिकारियों एवं कर्मचारियों की सक्रिय सहभागिता रही। ईएमएस/मोहने/ 13 जून 2026