क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


- दो बाइक जब्त खरगोन (ईएमएस)। खरगोन पुलिस ने करीब 4 दिन पहले दिनदहाड़े छात्राओं के मोबाइल फोन झपटने वाले चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनमें एक विधि विरुद्ध बालक भी शामिल है। आरोपियों ने पीजी कॉलेज के सामने बिस्टान रोड़ पर दो छात्राओं से मोबाइल झपटे थे। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त दो स्पोर्ट्स बाइक और झपटे गए दो मोबाइल फोन जब्त किए हैं। शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए पुलिस ने बताया कि 10 जून को थाना कोतवाली खरगोन में कुंदा नगर निवासी दो छात्राओं ने अलग-अलग रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि वे दोपहर में पीजी कॉलेज के सामने से अपने किराये के घर जा रही थीं। इसी दौरान पीछे से स्पोर्ट्स बाइक पर सवार अज्ञात बदमाशों ने उनके हाथों से मोबाइल फोन छीन लिए और फरार हो गए। दोनों मामलों में प्रकरण दर्ज किया गया। पुलिस ने सूचना तंत्र और मुखबिरों को सक्रिय किया तथा घटनास्थल व आसपास के सीसीटीव्ही फुटेज खंगाले। फुटेज के आधार पर संदिग्धों को चिह्नित किया गया। 11-12 जून की रात गश्त के दौरान पुलिस टीम को कुंदा नगर क्षेत्र में दो संदिग्ध मोटर साइकिलें तेज गति से जाती हुई मिलीं। संदेह होने पर पुलिस टीम ने घेराबंदी कर दोनों बाईको को रोका, जिन पर कुल चार युवक सवार थे। पूछताछ में सभी ने अलग-अलग कारण बताए और गुमराह करते रहे। पुलिस ने संदेह के आधार पर अभिरक्षा में लिया। इन्होंने अपने नाम रविन रंधावे निवासी शाहपुरा थाना ठीकरी बड़वानी, प्रवीण बड़ोले निवासी जहांगीरपुरा थाना बलकवाड़ा, महादेव उर्फ मदन डावर निवासी आवलीदढ़ थाना ठीकरी बड़वानी और एक विधि विरुद्ध बालक शामिल हैं। पूछताछ करने पर चारों युवकों ने बिस्टान रोड पर मोबाइल फोन झपटने की घटना स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में दो बाईक और झपटे गए दो मोबाइल जब्त किए। गिरफ्तार आरोपियों में आरोपियों को न्यायालय में पेश किया जा रहा है। नाज़िम शेख, १३ जून, २०२६