क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


मंडला (ईएमएस)। मंडला जिले के नैनपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार को एक सड़क हादसा हो गया। ग्राम सूभेवाड़ा के पास एक 108 एंबुलेंस अनियंत्रित होकर पुलिया से नीचे गिर गई, जिससे वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। इस दुर्घटना में एंबुलेंस में सवार एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे जबलपुर रेफर किया गया है। जानकारी के अनुसार, हादसे के समय एंबुलेंस में चालक सहित दो लोग सवार थे। दुर्घटना में चालक को मामूली चोटें आईं, जबकि दूसरे सवार अमरू को गंभीर चोटें लगी हैं। हादसे के बाद मौके से गुजर रहे एक बाइक सवार ने दोनों घायलों को तत्काल सिविल अस्पताल नैनपुर पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद अमरू की गंभीर स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए जबलपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। नैनपुर के बीएमओ डॉ. राजीव चावला ने बताया कि एंबुलेंस मरीज को छोड़कर वापस लौट रही थी, तभी यह दुर्घटना हुई। उन्होंने पुष्टि की कि चालक को सामान्य चोटें आई हैं, जबकि दूसरे घायल को आगे के उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया है। ईएमएस/मोहने/ 13 जून 2026