- नगरीय विकास मंत्री ने किया आत्मीय अभिनंदन, बोले- वरिष्ठों का समर्पण ही संगठन की असली नींव इंदौर (ईएमएस)। केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में भारतीय जनता पार्टी द्वारा अपने पुरोधाओं और जमीनी कार्यकर्ताओं के सम्मान का सिलसिला शुरू किया गया है। इसी अभियान के तहत प्रदेश के नगरीय विकास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने जनसंघ के जमाने से पार्टी के प्रति अखंड निष्ठा रखने वाले वरिष्ठ कार्यकर्ता और नागर चित्तौड़ा वैश्य महाजन समाज के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र महाजन के निवास पहुंचकर उनका आत्मीय अभिनंदन किया। विद्याधाम के पीछे स्थित महाजन के निवास पर पहुंचे मंत्री विजयवर्गीय ने न केवल वरिष्ठ नेता का सम्मान किया, बल्कि उनके परिजनों और समाज बंधुओं से भेंट कर कुशल-क्षेम भी जानी। इस अवसर पर विजयवर्गीय ने कहा कि महाजन जैसे वरिष्ठ जनों का दशकों का संघर्ष, त्याग और वैचारिक प्रतिबद्धता ही आज भाजपा की मजबूती का मुख्य आधार है। संगठन के प्रति उनकी यह अटूट निष्ठा नई पीढ़ी के कार्यकर्ताओं के लिए राष्ट्र सेवा के पथ पर निरंतर आगे बढ़ने की बड़ी प्रेरणा है। इस गरिमामय प्रसंग के दौरान श्रीमती निर्मला महाजन, दिलीप गुप्ता, अर्पित महाजन, सचिन गुप्ता, ललित शर्मा और गोविंद पंवार सहित बड़ी संख्या में समाज जन एवं प्रबुद्ध नागरिक उपस्थित थे। प्रकाश/13 जून 2026