250 से अधिक सीड बाल का भी किया गया निर्माण नर्मदापुरम/(ईएमएस)! कलेक्टर श्री सोमेश मिश्रा के निर्देशन में पर्यावरण संरक्षण एवं हरित क्षेत्र के विस्तार हेतु संचालित “नवांकुर अभियान” के अंतर्गत संदीपनी विद्यालय, सोहागपुर में सीड बॉल निर्माण कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सोहागपुर सुश्री प्रियंका भलावी, विकासखंड स्त्रोत समन्वयक श्री राकेश रघुवंशी, विद्यालय के प्राचार्य श्री रामकिशोर दुबे, समस्त शिक्षकगण एवं विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। कार्यशाला के दौरान सभी प्रतिभागियों के सामूहिक प्रयास से 250 से अधिक सीड बॉल तैयार किए गए। इस अवसर पर विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण, वृक्षारोपण के महत्व, जैव विविधता संवर्धन तथा प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) सुश्री प्रियंका भलावी ने विद्यार्थियों को पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक रहने एवं हरित गतिविधियों में सक्रिय सहभागिता निभाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कहा कि नवांकुर अभियान केवल वृक्षारोपण तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पर्यावरण संरक्षण के प्रति जन-जागरूकता एवं जन-सहभागिता का व्यापक अभियान है। कार्यक्रम में तैयार किए गए सीड बॉल्स को आगामी वर्षा ऋतु में उपयुक्त स्थानों पर विसर्जित किया जाएगा, जिससे प्राकृतिक रूप से पौधों का अंकुरण हो सके तथा क्षेत्र में हरित आवरण का विस्तार हो। नवांकुर अभियान के अंतर्गत अनुविभाग सोहागपुर में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं, ग्राम पंचायतों एवं शासकीय कार्यालयों के माध्यम से व्यापक स्तर पर सीड बॉल निर्माण एवं वृक्षारोपण गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जिससे जनसहभागिता के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण के लक्ष्य को प्रभावी रूप से प्राप्त किया जा सके। ईएमएस/राजीव अग्रवाल/ 13 जून 2026