क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


5 हजार 253 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया नरसिंहपुर (ईएमएस) जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में आयोजित जन कल्याण शिविरों में दूसरे दिन भी आमजन की सक्रिय भागीदारी देखने को मिली। ग्रामीण क्षेत्रों में जनपद पंचायत नरसिंहपुर, गोटेगांव एवं चावरपाठा तथा शहरी क्षेत्रों में नरसिंहपुर, गोटेगांव और गाडरवारा नगरपालिकाओं में शिविर आयोजित किए गए। जनपद पंचायत गोटेगांव में विधायक श्री महेन्द्र नागेश जनकल्याण शिविर में शामिल हुए। उन्होंने नागरिकों से संवाद करते हुए शासन की योजनाओं का लाभ लेने के लिए प्रेरित किया। शिविरों के माध्यम से मौके पर ही हितग्राहियों को हितलाभ वितरित भी किए गए। जनपद पंचायत चांवरपाठा में विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने शासन की योजनाओं के बारे में नागरिकों को जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शासन की योजनाओं का लाभ उठाने के लिए जनकल्याण शिविर का लाभ उठाएं। उन्होंने प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के 12 वर्ष के कार्यकाल पूर्ण होने पर सरकार की उपलब्धियों के बारे में बताया। कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने नगर पालिका परिषद नरसिंहपुर में लगाए गए जनकल्याण शिविर में शामिल हुई। उन्होंने जनकल्याण शिविर में विभागीय अधिकारियों को शासन की योजनाओं और उपलब्धियों की जानकारी देने के निर्देश दिए। जनकल्याण शिविर में प्राप्त आवेदनों का निर्धारित समय सीमा में निराकरण करने को कहा। शिविरों में कृषि, सहकारिता, मत्स्य, सामाजिक न्याय, उद्यानिकी एवं पशु चिकित्सा विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की विस्तृत जानकारी दी गई। कृषि विभाग द्वारा प्राकृतिक एवं जैविक खेती, “ड्रॉप मोर क्रॉप”, रिज सॉइंग, सीड रिप्लेसमेंट तथा पराली प्रबंधन जैसे विषयों पर किसानों को जागरूक किया गया। वहीं पशुपालन विभाग ने पशुओं की बीमारियों से बचाव, दुधारू पशुओं के संतुलित आहार तथा आचार्य विद्यासागर गौ संवर्धन योजना सहित अन्य योजनाओं की जानकारी प्रदान की। सामाजिक न्याय विभाग द्वारा दिव्यांगजनों के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं एवं पेंशन योजनाओं की जानकारी दी गई। इसके साथ ही सभी विभागों द्वारा अपनी-अपनी योजनाओं की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिससे आमजन को योजनाओं की जानकारी सहज रूप से प्राप्त हो सकी। जिले में आयोजित सभी 6 शिविरों में कुल 5 हजार 635 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 5 हजार 253 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि 382 आवेदन लंबित हैं। सर्वाधिक 3 हजार 263 आवेदन पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग से संबंधित प्राप्त हुए, जिनमें से 3 हजार 244 का निराकरण किया जा चुका है। राजस्व विभाग के 611 में से 539 तथा सामाजिक न्याय विभाग के 565 में से 510 आवेदनों का निराकरण किया गया। इसके अतिरिक्त श्रम विभाग के 350 एवं नगरीय आवास विकास विभाग के 201 आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर विधायक, जनपद अध्यक्ष सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे। , 13 जून 2026.