क्षेत्रीय
13-Jun-2026


सीहोर (ईएमएस)। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग, सीहोर द्वारा अंतर्राष्ट्रीय वरिष्ठ वृद्धजन दुर्व्यवहार रोकथाम जागरूकता दिवस के अवसर पर 14 एवं 15 जून को सैकड़ा खेड़ी वृद्ध आश्रम, सीहोर में दो दिवसीय जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। सीहोर कलेक्टर बालागुरु के के निर्देश पर सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग सीहोर के तत्वाधान में दो दिवसीय आयोजन संकल्प वृद्धाश्रम केन्द्र के सहयोग से किया जा रहा है। कार्यक्रम के पहले दिन रविवार को सुबह ग्यारह बजे कार्यक्रम की शुरूआत की जाएगी। इस संबंध में जानकारी देते हुए संकल्प वृद्धाश्रम के संचालक राहुल सिंह ने बताया कि कार्यक्रम का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों के प्रति सम्मान, सुरक्षा एवं उनके अधिकारों के प्रति समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा वृद्धजन दुर्व्यवहार की रोकथाम के लिए जनसहभागिता को प्रोत्साहित करना है। कार्यक्रम के दौरान वरिष्ठ नागरिकों के कल्याण, स्वास्थ्य, सुरक्षा एवं सामाजिक संरक्षण से संबंधित विभिन्न विषयों पर जानकारी प्रदान की जाएगी। कार्यक्रम का समापन 15 जून को प्रात: 11:00 बजे आयोजित समापन समारोह के साथ होगा। इस अवसर पर वरिष्ठ नागरिकों, सामाजिक संगठनों, जनप्रतिनिधियों एवं आमजन की सहभागिता अपेक्षित है। उन्होंने बताया कि वही सोमवार को समापन के मौके पर शहर के वरिष्ठ समाजसेवियों, पेंशनधारी संगठन के अलावा सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग के अधिकारियों के सहयोग से भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा। संयुक्त राष्ट्र महासभा द्वारा वरिष्ठ वृद्धजनों के अधिकारों, गरिमा, सुरक्षा एवं कल्याण के प्रति जन जागरूकता बढाने के उद्देश्य से प्रतिवर्ष 15 जून को दिवय मनाया जाता है। इस साल भी यहां पर उक्त आयोजन किया जाएगा। ईएमएस/ विमल जैन / 13 जून 2026