क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


कल्याण, (ईएमएस)। मध्य रेल के कल्याण-कसारा रेल खंड पर शहाड से आंबिवली स्टेशन के बीच सक्रिय ‘फटका गैंग’ के एक शातिर सदस्य को राजकीय रेल पुलिस (जीआरपी) ने गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। यह गैंग चलती ट्रेन के दरवाजे पर खड़े यात्रियों को निशाना बनाकर उनके हाथ पर बांस से वार करता था, जिससे मोबाइल नीचे गिर जाता और बदमाश उसे उठाकर फरार हो जाते थे। दरअसल कुछ दिन पहले एक यात्री अमरावती एक्सप्रेस से सफर कर रहा था। ट्रेन जब शहाड और आंबिवली के बीच से गुजर रही थी, तभी ट्रैक किनारे छिपे एक बदमाश ने लंबा बांस घुमाकर यात्री के हाथ पर जोरदार फटका मारा। अचानक हुए इस हमले से यात्री का महंगा मोबाइल हाथ से छूटकर नीचे गिर गया। मोबाइल गिरते ही आरोपी उसे उठाकर मौके से भाग निकला। घबराए यात्री ने तुरंत कल्याण रेल मार्ग पुलिस स्टेशन पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। रेलवे में बढ़ती मोबाइल चोरी की घटनाओं को देखते हुए पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। मामला दर्ज होने के बाद कल्याण रेल मार्ग पुलिस ने तेजी से जांच शुरू की। पुलिस ने शहाड-आंबिवली रेल ट्रैक क्षेत्र में सक्रिय अपराधियों की जानकारी खंगाली और पुराने रिकॉर्ड जांचे। इसी दौरान पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि वही चोर फिर किसी नए वारदात की तैयारी में इलाके में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस की विशेष टीम ने रेल ट्रैक के पास जाल बिछाया और आरोपी हसन दारा जफर को रंगेहाथ गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार वह ‘फटका गैंग’ का सक्रिय और अनुभवी सदस्य है। - चोरी का मोबाइल बरामद, और मामलों की खुल सकती है परत पूछताछ के दौरान आरोपी के पास से शिकायतकर्ता यात्री का चोरी हुआ मोबाइल फोन बरामद कर लिया गया। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि आरोपी ने इससे पहले कितने यात्रियों को इसी तरीके से निशाना बनाया और गैंग में उसके साथ कौन-कौन शामिल हैं। अधिकारियों का मानना है कि इस गिरफ्तारी से रेलवे में हुई कई अन्य मोबाइल चोरी की वारदातों का खुलासा हो सकता है। यह कार्रवाई वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक पंढरीनाथ कांदे के मार्गदर्शन में कल्याण रेल मार्ग पुलिस की विशेष टीम ने की। पुलिस आरोपी से उसके नेटवर्क और अन्य साथियों के बारे में जानकारी जुटा रही है। - रेलवे यात्रियों में राहत शहाड से आंबिवली के बीच रोजाना हजारों यात्री लोकल और एक्सप्रेस ट्रेनों में यात्रा करते हैं। दरवाजे पर खड़े यात्रियों को निशाना बनाने वाली ‘फटका गैंग’ की वजह से लंबे समय से डर का माहौल था। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद यात्रियों ने राहत और संतोष व्यक्त किया है। रेलवे पुलिस ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा के दौरान दरवाजे पर खड़े रहते समय मोबाइल फोन का उपयोग सावधानी से करें और संदिग्ध गतिविधि दिखने पर तुरंत पुलिस हेल्पलाइन या रेलवे पुलिस को सूचना दें।