क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


भागवत साहू ने की मतदाताओं से अपील* राजनांदगांव (ईएमएस) । जिला साहू संघ के बहुप्रतीक्षित चुनाव का आयोजन 14 जून रविवार को साहू सदन में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक किया जाएगा। चुनाव को लेकर समाज में उत्साह का माहौल है। इस बीच निवर्तमान जिला अध्यक्ष भागवत साहू ने जिले के सभी मतदाताओं से समाजहित को सर्वोपरि रखते हुए योग्य, कर्मठ और समाजसेवी प्रत्याशियों को चुनने की अपील की है। करीब 3000 मतदाताओं के नाम जारी अपने संदेश में भागवत साहू ने कहा कि जिला साहू संघ का चुनाव केवल पदाधिकारियों के चयन का अवसर नहीं है बल्कि यह समाज की भावी दिशा और दशा तय करने वाला महत्वपूर्ण लोकतांत्रिक पर्व है। उन्होंने कहा कि मतदाताओं का प्रत्येक वोट समाज के विकास, संगठन की मजबूती और आने वाली पीढ़ियों के भविष्य से जुड़ा हुआ है। उन्होंने मतदाताओं से आग्रह किया कि वे किसी भी प्रकार के प्रलोभन, व्यक्तिगत संबंध या दबाव में आए बिना अपने विवेक का उपयोग करें और ऐसे प्रत्याशियों का चयन करें जो समाज की सेवा, संगठन के विकास और सामाजिक एकता के लिए समर्पित हों। भागवत साहू ने कहा कि मजबूत नेतृत्व ही समाज को नई ऊंचाइयों तक पहुंचा सकता है। इसलिए सभी मतदाता अपने मतदान अधिकार का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करें और ऐसे प्रतिनिधियों को चुनें जो समाज के हितों की रक्षा करते हुए विकास की नई इबारत लिख सकें। उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से निर्धारित समय पर मतदान केंद्र पहुंचकर शत-प्रतिशत मतदान करने की भी अपील की है ताकि लोकतांत्रिक प्रक्रिया और अधिक मजबूत हो सके।