फिरोजाबाद(ईएमएस) केंद्र की मोदी सरकार के 12 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में योगी सरकार की कैबिनेट में शामिल गन्ना मंत्री औऱ जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी शनिवार को फिरोजाबाद पहुंचे। इस दौरान उन्होंने केंद्र सरकार की उपलब्धियों को गिनाया। उन्होंने कहा कि इस स्वर्णिम काल मे भारत ने अपनी पहचान को पुनर्जीवित किया है। गन्ना मंत्री ने जनपद भ्रमण के दौरान सर्वप्रथम मीडिया के साथ संवाद किया, जहां उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री के नेतृत्व में अखंड भारत के विकास, प्रशासनिक सुधार आधारभूत संरचना, निर्माण डिजिटल क्रांति, सामाजिक कल्याण और वैश्विक प्रतिष्ठा में वृद्धि के दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण रहा है। इस स्वर्णिम काल में भारत ने अपनी पहचान को पुनर्जीवित किया है, विरासत को संरक्षित किया है और अपनी संस्कृति की विशालता और मार्मिकता का ज्ञान संपूर्ण विश्व को कराया है। इन 12 वर्षों में केंद्र सरकार ने सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास के मंत्र के साथ अनेक ऐतिहासिक और सांस्कृतिक उपलब्धियां हासिल की, जो बदलते भारत को पर्याय बनकर उभरी है। पिछले 12 वर्षों में भारत में अंतोदय को अपना मूल मंत्र मानकर नीतिगत पंगुता से निकलकर सुधार, परिवर्तन और प्रदर्शन का सफर तय किया है। इसके बाद मंत्री जी ने एक पेड़ मां के नाम पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया. इस पर्यावरण संरक्षण के मुहिम में सदर विधायक मनीष असीजा, टूंडला विधायक प्रेमपाल धनगर, मेयर कामिनी राठौर और भाजपा जिला अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह और महानगर अध्यक्ष सतीश दिवाकर ने भी पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया। इस मौके पर उन्होंने विकास भवन प्रांगण में लगे विभिन्न प्रकार के स्टालों और सूचना विभाग की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया। उन्होंने सभी विभागों को निर्देशित किया कि अपने-अपने स्टालों के माध्यम से सरकार की योजनाओं का ज्ञान जनता को कराए, जिससे इसका लाभ जनता को मिल सके, हमारा उद्देश्य है कि शासन की योजना का लाभ अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति को मिले।