क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


जबलपुर, (ईएमएस)। संभागीय बालभवन, महिला एवं बाल विकास विभाग तथा महाराष्ट्र शिक्षण मंडल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित ग्रीष्मकालीन शिविर का शनिवार को रंगारंग समापन हुआ। करीब डेढ़ माह तक चले शिविर में 500 बच्चों ने सह शैक्षणिक गतिविधियां सीखी तथा समापन समारोह में 120 बच्चों ने सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। शिविर के समापन समारोह के मुख्‍य अतिथि डॉ. जितेन्द्र जामदार थे। समारोह का शुभारंभ गणेश वंदना और दीप प्रज्‍जवलित कर किया गया। इसके बाद बच्चों ने देशभक्ति गीत, चतुरंग, सिंथेसाइजर पर समूह वादन, कैलीग्राफी, लाइव पेंटिंग, सामूहिक लोकनृत्य, वेस्टर्न डांस, शिवस्तुति, योगाभ्यास और नाटक की प्रस्तुतियां देकर दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं। अतिथियों ने बच्चों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में प्रमोद पाठक और सहायक संचालक महिला एवं बाल विकास कविता ऐडे सहित बड़ी संख्या में अभिभावक और गणमान्य नागरिक मौजूद रहे। शिविर में इन्द्र पांडे, राजेन्द्र विश्वकर्मा, सौरभ वंशकार, अक्षय सिंह ठाकुर, आयुष रजक, रूपवती पटेल और संगीता डोडनी ने प्रशिक्षण कार्य में सहयोग दिया। वहीं नृत्य निर्देशन मोहिनी मोघे, संगीत निर्देशन शिप्रा सुनहरे, चित्रकला निर्देशन रेणु पांडे, योग प्रशिक्षण देवेन्द्र यादव और तबला संगत सोमनाथ सोनी ने संभाली। समारोह के समापन पर बालभवन की संचालिका शिवानी मोर्य ने सभी अतिथियों, प्रशिक्षकों और अभिभावकों का आभार व्यक्त किया।