अब तक 5000 से अधिक युवाओं को मिल चुका रोजगार बालाघाट (ईएमएस). जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को मुख्यधारा से जोडऩे और उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में जिला प्रशासन द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। 13 जून को बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री एवं मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 150 से अधिक युवक-युवतियों को रोजगार के लिए गुजरात के अहमदाबाद स्थित साणंद की यजाकी कंपनी में कार्य करने हेतु रवाना किया। जिला प्रशासन द्वारा समय-समय पर जिले के विभिन्न नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में रोजगार मेलों का आयोजन किया गया था। इन रोजगार मेलों में प्रतिष्ठित कंपनियों के माध्यम से युवाओं के साक्षात्कार कराए गए, जिनमें चयनित अभ्यर्थियों को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराए गए। इसी प्रक्रिया के तहत चयनित 150 युवाओं को आज रोजगार के लिए अहमदाबाद भेजा गया। रोजगार प्राप्त करने वाले युवाओं में 100 युवतियां एवं 50 युवक शामिल हैं। रोजगार मिलने से सभी युवाओं में उत्साह का माहौल देखने को मिला। युवाओं ने कहा कि रोजगार मिलने से वे आत्मनिर्भर बनेंगे और अपने परिवार की आर्थिक स्थिति को मजबूत बनाने में योगदान दे सकेंगे। इस अवसर पर प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह स्वयं बस में चढकऱ युवाओं से मिले, उनका उत्साहवर्धन किया और उन्हें उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं। इसके बाद उन्होंने हरी झंडी दिखाकर सभी युवाओं को अहमदाबाद के लिए रवाना किया। प्रभारी मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार और जिला प्रशासन युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध हैं। नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के युवाओं को रोजगार से जोडऩा न केवल उनके भविष्य को सुरक्षित बनाता है, बल्कि क्षेत्र के समग्र विकास और सामाजिक सशक्तिकरण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। युवाओं ने रोजगार उपलब्ध कराने के लिए प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने कलेक्टर मृणाल मीणा एवं पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा के प्रति आभार व्यक्त किया।