21.68 करोड़ की लागत से बना है रेलवे ओवर ब्रिज रेलवे लेवल क्रॉसिंग को स्थायी रुप से किया गया बंद बालाघाट (ईएमएस). जिले को यातायात सुविधा के क्षेत्र में बड़ी सौगात मिली है। बालाघाट-वारासिवनी-कटंगी मुख्य मार्ग पर रेलवे क्रॉसिंग बीके-9 के पास निर्मित 21.68 करोड़ रुपये लागत का रेलवे ओवर ब्रिज का शनिवार को लोकार्पण कर दिया गया। इसके शुरू होते ही क्षेत्र में आवागमन सुगम हो गया है और लंबे समय से चली आ रही रेलवे फाटक की समस्या खत्म हो गई है। मध्यप्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री तथा बालाघाट जिले के प्रभारी मंत्री उदय प्रताप सिंह ने 13 जून को वैनगंगा नदी पुल के पहले स्थित रेलवे क्रॉसिंग बीके-09, किलोमीटर 1048/0-1 पर निर्मित रोड ओवर ब्रिज का विधिवत लोकार्पण किया। लोकार्पण के साथ ही इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही शुरू हो गई है, जबकि संबंधित रेलवे लेवल क्रॉसिंग को स्थायी रूप से बंद कर दिया गया है। डबल इंजन की सरकार के कारण विकास कार्यों में आई तेजी-मंत्री सिंह कार्यक्रम को संबोधित करते हुए प्रभारी मंत्री ने कहा कि राजा भोज के नाम पर बने इस ओवरब्रिज का लोकार्पण उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि यह ब्रिज केवल बालाघाट के नागरिकों के लिए ही नहीं, बल्कि यहां आने वाले यात्रियों के लिए भी सुविधा और विकास का नया माध्यम बनेगा। यह परियोजना जिले के विकास के नए द्वार खोलेगी और क्षेत्र में नई संभावनाओं को जन्म देगी। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हो रहे विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि डबल इंजन सरकार के कारण विकास कार्यों में तेजी आई है। केंद्र और राज्य सरकार के समन्वय से योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंच रहा है। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रही सांसद भारती पारधी ने कहा कि बालाघाट जिले में तेजी से विकास हो रहा है और यह ओवरब्रिज उसी का प्रमाण है। उन्होंने बताया कि शहर में दो रोड ओवरब्रिज का कार्य पूर्ण हो चुका है और अब भटेरा रोड सहित अन्य क्षेत्रों में भी ऐसे निर्माण कार्यों को गति दी जाएगी। 746 मीटर लंबाई वाले इस ब्रिज के निर्माण से यात्रियों को जाम और रेलवे फाटक पर रुकने की समस्या से राहत मिलेगी। साथ ही व्यापारिक गतिविधियों और आवागमन में भी तेजी आएगी। पूर्व मंत्री बिसेन के प्रयासों से मिली विकास को गति-नपा अध्यक्ष नगर पालिका अध्यक्ष भारती ठाकुर ने रेलवे ओवर ब्रिज निर्माण को लेकर प्रस्तावना प्रस्तुत की। उन्होंने कहा कि पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन के प्रयासों से बालाघाट को तीन रेलवे ओवर ब्रिज की सौगात मिली है, जिनमें से दो बनकर तैयार हो गए हैं। जबकि एक आरओबी का कार्य प्रगतिरत है। उन्होंने कहा कि पार्टी नेताओं और प्रशासन के सहयोग से जनसुविधा को ध्यान में रखते हुए शहर में कुछेक स्थानों की मदिरा दुकानों को हटाने का कार्य किया गया है। वहीं वार्ड क्रमांक 12 की शराब दुकान को हटाने का कार्य किया जाना शेष है। रेलवे ओवर ब्रिज से मिलेगी विकास को गति-पूर्व मंत्री बिसेन पूर्व मंत्री गौरीशंकर बिसेन ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि इस रेलवे ओवर ब्रिज के निर्माण से विकास को नई गति मिलेगी। आवागमन में सुविधा होगी, लोगों को जाम से निजात मिलेगी। यह मार्ग मुख्य रुप से वारासिवनी और लालबर्रा क्षेत्र को जोड़ता है, जिसके चलते यहां पर आवागमन अधिक होता है। उन्होंने कहा कि डबल इंजन की सरकार के कारण जिले के विकास को गति मिली है, जो आगे भी जारी रहेगी। इसके अलावा उन्होंने अनेक बातें कही। इस अवसर पर विधायक गौरव सिंह पारधी, राजकुमार कर्राहे, पूर्व मंत्री रामकिशोर कावरे, प्रदीप जायसवाल, जिला पंचायत अध्यक्ष सम्राट सिंह सरस्वार, कलेक्टर मृणाल मीना, पुलिस अधीक्षक आदित्य मिश्रा, भाजपा नेता सुरजीत सिंह ठाकुर, जिला पंचायत डुलेन्द्र ठाकरे, झामसिंह नागेश्वर, नगर पालिका उपाध्यक्ष योगेश बिसेन, पूर्व जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा बिसेन, मीना रहांगडाले, सत्यनारायण अग्रवाल, सेतु निर्माण संभाग के अधीक्षण यंत्री जीपी पटले, एसडीओ अर्जुन सनोडिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि, अधिकारी एवं नागरिक उपस्थित रहे।