- बच्चों के साथ नहाने गया था पांच वर्षीय आर्यन, दूसरे दिन मिला शव फतेहपुर (ईएमएस)। असोथर थाना क्षेत्र के अर्रा मजरे कौडर गांव में निचली गंगा नहर में डूबे पांच वर्षीय मासूम का शव घटना के लगभग एक दिन बाद घटनास्थल से करीब दो किलोमीटर दूर सोरहा गांव के पास बरामद होने से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। जानकारी के अनुसार अर्रा मजरे कौडर निवासी राम बहादुर सिंह चौहान का पुत्र आर्यन सिंह (5) शुक्रवार को गांव के अन्य बच्चों के साथ घर के पास बह रही निचली गंगा नहर में नहाने गया था। नहाते समय वह गहरे पानी में चला गया और डूब गया। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन और ग्रामीण उसकी तलाश में जुट गए थे, लेकिन देर शाम तक उसका कोई पता नहीं चल सका। शनिवार दोपहर सोरहा गांव के समीप नहर में एक बालक का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। ग्रामीणों ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान आर्यन के रूप में की। मासूम का शव देखते ही परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। मां कुंती देवी और पिता राम बहादुर सिंह सहित पूरे परिवार में मातम छा गया। पुलिस के मुताबिक 12 जून को पीआरवी 6445 के माध्यम से सूचना मिली थी कि ग्राम अर्रा मजरे कौडर में एक बालक नहर में डूब गया है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने मौके पर जांच की थी, जिसमें यह पुष्टि हुई थी कि आर्यन बच्चों के साथ नहर में नहाते समय डूब गया था। थाना प्रभारी रमाशंकर सरोज ने बताया कि नहर में डूबे बालक का शव बरामद कर पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर ली गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। मासूम की असमय मौत से गांव में शोक की लहर है। ग्रामीणों ने प्रशासन से नहर किनारे सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने तथा बच्चों की सुरक्षा के लिए आवश्यक कदम उठाने की मांग की है।