- जो जहॉ मिला उठा लिया गया, सड़क से लेकर घर, पार्टी ऑफिस तक पुलिस ने दी दबिश - नीट परीक्षा पेपर लीक का करने वाले थे विरोध भोपाल(ईएमएस)। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के राजधानी प्रवास के दौरान नीट पेपर लीक मामले में विरोध की तैयारी कर रहे एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, उपाध्यक्ष रवि परमार और युवक कांग्रेस नेताओं सहित अनेक कार्यकर्ताओं को पुलिस ने प्रर्दिशन से पहले ही गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार एनएसयूआई कार्यकर्ता प्रदेश कांग्रेस कार्यालय (पीसीसी) से अटल भवन की ओर जा रहे थे। इस दौरान उनके हाथों में धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग वाली तख्तियां थीं, और वे नीट परीक्षा पेपर लीक मामले का विरोध कर रहे थे। पुलिस ने रास्ते में ही कार्यकर्ताओं को रोककर हिरासत में ले लिया। संगठन सदस्यो का कहना है की कुछ पदाधिकारियों को उनके घरों से उठाया गया, जबकि कुछ को कांग्रेस कार्यालय के बाहर से हिरासत में लिया गया। - जो जहॉ मिला पकड़ लिया गया हिरासत में लिए गए नेताओं में एनएसयूआई के प्रदेश अध्यक्ष आशुतोष चौकसे, युवक कांग्रेस शहर अध्यक्ष अमित खत्री और प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक परमार शामिल हैं, जिन्हें उनके घर से हिरासत में लिया गया। इसके अलावा कांग्रेस प्रवक्ता अभिनव बारोलिया समेत कुछ कार्यकर्ताओं को प्रदेश कांग्रेस कार्यालय के सामने से हिरासत में लिया गया। वहीं एनएसयूआई के रवि परमार और आशुतोष चौकसे को भी पुलिस ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर से उठाया। - नीट परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर देश भर में मचा है बवाल गौरतलब है कि नीट परीक्षा और पेपर लीक मामले को लेकर प्रधान के खिलाफ देशभर में विरोध प्रदर्शन चल रहा है। इसी विरोध को देखते हुए पुलिस ने एहतियातन कार्रवाई की है। केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान शनिवार को भोपाल में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के कार्यकाल के 12 वर्ष पूर्ण होने पर आयोजित कार्यक्रमों में शामिल होने पहुंचे हैं। वहीं नीट पेपर लीक मामले को लेकर एनएसयूआई और युवक कांग्रेस लगातार प्रदर्शन कर रहे हैं। संगठन के कार्यकर्ता केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं। जुनेद / 13 जून