क्षेत्रीय
13-Jun-2026
...


पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय ने क्राइम रिव्यू एवं ट्रैफिक सेफ्टी बैठक में दिए दिशा-निर्देश भोपाल(ईएमएस)। दिनांक 13 जून 2026 को कार्यालय पुलिस अधीक्षक, भोपाल (देहात) में पुलिस अधीक्षक पंकज कुमार पांडेय द्वारा जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों की अपराध समीक्षा बैठक (क्राइम मीटिंग) आयोजित की गई। बैठक में जिले की कानून व्यवस्था, लंबित अपराध, महिला संबंधी अपराध, साइबर अपराध एवं सीएम हेल्पलाइन शिकायतों की विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा-निर्देश प्रदान किए गए। बैठक के दौरान पुलिस अधीक्षक द्वारा निर्देशित किया गया कि नकबजनी के प्रत्येक घटनास्थल पर थाना प्रभारी स्वयं अनिवार्य रूप से पहुंचे तथा फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट एवं डॉग स्क्वाड को मौके पर बुलाया जाए। साथ ही 7 वर्ष से अधिक सजा वाले अपराधों में एफएसएल जांच सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। समीक्षा के दौरान थाना बैरसिया, ईटखेड़ी एवं सूखी सेवनिया में लंबित अपराधों की संख्या अपेक्षाकृत अधिक पाए जाने पर उनके शीघ्र निराकरण हेतु विशेष निर्देश दिए गए। माइनर एक्ट के अंतर्गत संतोषजनक कार्यवाही किए जाने पर थाना प्रभारी ईटखेड़ी, परवलिया सड़क, नजीराबाद एवं बिलखिरिया को प्रशंसा हेतु आदेशित किया गया। साइबर अपराधों के प्रभावी नियंत्रण हेतु अधिकारियों को PPT के माध्यम से प्रशिक्षण प्रदान किया गया। साथ ही NCRP पोर्टल पर दर्ज ऑनलाइन शिकायतों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण के निर्देश भी दिए गए। क्राइम मीटिंग के उपरांत यातायात सुरक्षा संबंधी बैठक भी आयोजित की गई। इस दौरान पुलिस अधीक्षक ने कहा कि “सुगम यातायात के लिए सुरक्षा आवश्यक है।” बैठक में 4E ट्रैफिक फॉर्मूला — Education, Engineering, Enforcement एवं Emergency Care पर विस्तृत चर्चा की गई। राहवीर योजना को Emergency Care का महत्वपूर्ण भाग बताते हुए निर्देशित किया गया कि सड़क दुर्घटना में घायल व्यक्ति को अस्पताल पहुंचाने वाले नागरिक को होने वाली असुविधाओं को दूर कर उनके सराहनीय कार्य के लिए प्रोत्साहित किया जाए। निर्धारित प्रक्रिया अनुसार राहवीर योजना के अंतर्गत पुरस्कार हेतु प्रस्ताव भेजे जाने के निर्देश भी दिए गए, जिससे अधिकाधिक लोग मानवता के नाते सहायता के लिए आगे आएं। राहवीर योजना के अंतर्गत सभी थानों को बैनर एवं होर्डिंग्स वितरित किए गए, ताकि आमजन में योजना के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा सके। बैठक में जिले के समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे। हरि प्रसाद पाल / 13 जून, 2026