क्षेत्रीय
13-Jun-2026


पटना, (ईएमएस)। पटना में अपराधियों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। अब बदमाशों ने शहर के वीआईपी इलाके को भी निशाना बनाना शुरू कर दिया है। कदमकुआं थाना क्षेत्र के काजीपुर इलाके में दिनदहाड़े बाइक सवार अपराधियों ने एक महिला से सोने की चेन झपट ली और मौके से फरार हो गए। यह घटना शुक्रवार शाम करीब छह बजे की है, जब रोड नंबर-1 स्थित सरकारी आवास के बाहर अर्चना कुमारी अपने बच्चों के साथ खड़ी थीं। इसी दौरान बाइक पर सवार दो अपराधी वहां पहुंचे और कुछ ही सेकंड में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए। बताया जा रहा है कि अर्चना कुमारी के पति राजेश कुमार त्रिवेदी पटना जिलाधिकारी कार्यालय में स्टेनो के पद पर कार्यरत हैं। घटना ऐसे इलाके में हुई जिसे प्रशासनिक और सरकारी आवासों का सुरक्षित क्षेत्र माना जाता है, जिससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं। पीड़िता के अनुसार लूटी गई सोने की चेन करीब 20 ग्राम की थी, जिसकी कीमत लगभग तीन लाख रुपये बताई जा रही है। घटना की सूचना मिलने पर कदमकुआं थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस ने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली है, जिसमें अपराधियों की तस्वीरें तो सामने आई हैं, लेकिन हेलमेट पहने होने के कारण उनके चेहरे स्पष्ट नहीं हो सके हैं। पुलिस बाइक की पहचान और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। इस मामले में अर्चना कुमारी के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पुलिस ने जल्द ही अपराधियों की गिरफ्तारी का भरोसा जताया है। संतोष झा- १३ जून/२०२६/ईएमएस