राज्य
13-Jun-2026


:: टीम वर्क और बेमिसाल आतिथ्य का मिला इनाम : एमडी यादव भोपाल/इंदौर (ईएमएस)। अतुल्य भारत का दिल कहे जाने वाले मध्य प्रदेश के माथे पर एक और चमचमाता राष्ट्रीय गौरव सज गया है। इवेंट, एक्जीबिशन और माइस (मीटिंग्स, इंसेंटिव्स, कॉन्फ्रेसिंग एंड एक्जीबिशन) के बेहतर प्रबंधन में मध्य प्रदेश राज्य पर्यटन विकास निगम ने देश भर में अपनी श्रेष्ठता साबित की है। मुंबई के प्रतिष्ठित सिडको एक्जीबिशन एंड कन्वेंशन सेंटर में आयोजित 10वें डेसेनियल एक्जीबिशन एक्सीलेंस अवार्ड्स 2026 में मध्य प्रदेश टूरिज्म को कॉन्फ्रेंस मैनेजमेंट में उत्कृष्टता का राष्ट्रीय पुरस्कार दिया गया है। देश के कॉर्पोरेट और इवेंट सेक्टर में इस सम्मान को बेहद प्रतिष्ठित माना जाता है। मध्य प्रदेश पर्यटन विकास निगम के प्रबंध संचालक दिलीप कुमार यादव ने अपनी टीम के साथ यह अवॉर्ड ग्रहण किया। इस बड़ी उपलब्धि पर खुशी जताते हुए प्रबंध संचालक यादव ने कहा कि यह पुरस्कार पर्यटन निगम की प्रतिबद्धता, व्यावसायिकता और अद्वितीय टीम वर्क का मीठा फल है। मध्य प्रदेश लगातार अपने इंफ्रास्ट्रक्चर, आतिथ्य सेवाओं और आयोजन क्षमताओं को विश्वस्तरीय बना रहा है। यही वजह है कि राज्य में अत्याधुनिक कन्वेंशन सेंटर्स, बेहतरीन कनेक्टिविटी और बेमिसाल मेहमाननवाज़ी के कारण अब देश-विदेश के बड़े कॉर्पोरेट घराने और संगठन मध्य प्रदेश का रुख कर रहे हैं। :: इन पाँच बड़े महाआयोजनों ने दिलाया देश में विशेष मुकाम :: महाप्रबंधक (इवेंट्स) विवेक जूड ने बताया कि निगम को यह सम्मान राज्य में 20 से अधिक राष्ट्रीय और राज्य महत्व के बड़े सम्मेलनों के सफल प्रबंधन के लिए मिला है। टीम के कुशल प्रबंधन से एमपी ग्रोथ समिट, एमपी टेक ग्रोथ समिट, क्षेत्रीय एआई इम्पैक्ट समिट, क्षेत्रीय उद्योग एवं रोजगार सम्मेलन और मध्य प्रदेश माइनिंग कॉन्क्लेव जैसे बेहद महत्वपूर्ण और हाई-इम्पैक्ट सम्मेलनों का कुशलतापूर्वक संचालन किया गया, जिसने मध्य प्रदेश की आयोजन क्षमता को पूरे देश में साबित किया। :: बिजनेस टूरिज्म का ग्लोबल हब बनने की राह पर मध्य प्रदेश :: यह अवॉर्ड केवल एक ट्रॉफी नहीं, बल्कि मध्य प्रदेश को बिजनेस टूरिज्म के नक्शे पर एक अग्रणी ग्लोबल हब बनाने की दिशा में बहुत बड़ा मील का पत्थर है। पर्यटन विशेषज्ञों का मानना है कि इस राष्ट्रीय पहचान से आने वाले दिनों में मध्य प्रदेश में बड़े वैश्विक आयोजनों, आर्थिक गतिविधियों, रोजगार के नए अवसरों और ज्ञान-आधारित सम्मेलनों को भारी रफ्तार मिलेगी। प्रकाश/13 जून 2026