ज़रा हटके
14-Jun-2026
...


मैड्रिड (ईएमएस)। स्पेन के गिरोना क्षेत्र के पास स्थित कैंप डेल्स निनोट्स पुरातात्विक स्थल पर वैज्ञानिकों को 44 लाख वर्ष पुराने एक विशालकाय मवेशी प्रजाति के जीवाश्म मिले हैं। शोधकर्ताओं के अनुसार, यह जीव आज के मवेशियों के शुरुआती पूर्वजों में से एक हो सकता है। इस खोज ने प्राचीन जीव-जगत और आधुनिक गाय-भैंस के विकासक्रम को समझने की दिशा में नई उम्मीदें जगाई हैं। इस खोज में सबसे खास बात यह है कि वैज्ञानिकों को एक या दो नहीं, बल्कि इस प्रजाति के 14 कंकाल एक साथ प्राप्त हुए हैं। स्पेन के गिरोना क्षेत्र के पास स्थित कैंप डेल्स निनोट्स पुरातात्विक स्थल पर हुई है। शोधकर्ताओं के अनुसार, मिले हुए कंकाल अत्यंत सुरक्षित अवस्था में हैं और अधिकांश वयस्क तथा वृद्ध जीवों के हैं। इससे वैज्ञानिकों को उनकी शारीरिक संरचना, जीवनशैली और विकासक्रम का विस्तृत अध्ययन करने का अवसर मिला है। इस प्राचीन जीव को वैज्ञानिकों ने “पैराबोस टिनेरेसी” नाम दिया है। अनुमान है कि इसका वजन लगभग 500 किलोग्राम था। हालांकि यह आधुनिक घरेलू गायों से कुछ हल्का था, लेकिन अपने शुरुआती मवेशी पूर्वजों की तुलना में इसका आकार काफी बड़ा माना जाता है। लगभग दो करोड़ वर्ष पहले के मवेशी आकार में छोटे और हिरण जैसे दिखाई देते थे, जबकि पैराबोस टिनेरेसी अधिक विकसित और भारी शरीर वाला जीव था। शोधकर्ताओं के अनुसार, इन जीवाश्मों का संरक्षण असाधारण रूप से अच्छा है। माना जाता है कि लाखों वर्ष पहले यह क्षेत्र एक झील का हिस्सा था, जहां ऑक्सीजन की मात्रा बहुत कम थी। इसी कारण बैक्टीरिया और अन्य अपघटक जीव कंकालों को नष्ट नहीं कर पाए। परिणामस्वरूप अधिकांश कंकाल लगभग पूर्ण अवस्था में संरक्षित रह गए। हालांकि भूगर्भीय दबाव के कारण कुछ खोपड़ियों का आकार थोड़ा विकृत हो गया है, फिर भी वैज्ञानिकों को अध्ययन के लिए पर्याप्त और महत्वपूर्ण जानकारी प्राप्त हुई है। हड्डियों और दांतों के विश्लेषण से पता चला है कि यह प्रजाति दलदली और नम क्षेत्रों में रहने के लिए अनुकूलित थी। इनके पैर नरम जमीन पर चलने के लिए उपयुक्त थे और इनके दांत यह संकेत देते हैं कि ये कठोर घास के बजाय पेड़ों की पत्तियां और कोमल वनस्पतियां खाते थे। जीवाश्मों में नर और मादा दोनों के अवशेष मिले हैं, जिनमें आकार और सींगों की संरचना में स्पष्ट अंतर दिखाई देता है। वैज्ञानिकों के अनुसार, जब यह प्रजाति अस्तित्व में थी, तब यूरोप का मौसम आज की तुलना में अधिक गर्म और नम था। स्पेन का यह इलाका घने उपोष्णकटिबंधीय जंगलों और विशाल झीलों से घिरा हुआ था। उस समय यहां तापिर, गैंडे, मास्टोडोन, प्रारंभिक हिरण और कई अन्य बड़े स्तनधारी जीव भी निवास करते थे। वहीं मेगनटेरियन जैसे नुकीले दांतों वाले शिकारी भी इस पारिस्थितिकी तंत्र का हिस्सा थे। इस अध्ययन ने मवेशियों के विकास से जुड़े कई पुराने वैज्ञानिक विवादों को सुलझाने में मदद की है। शोधकर्ताओं ने पैराबोस और अलेफिस नामक दो पुराने जीनस का पुनर्वर्गीकरण करते हुए पांच अलग-अलग प्रजातियों की पहचान की है। इससे यूरेशिया में बड़े मवेशियों के विकास की कहानी अधिक स्पष्ट हुई है। सुदामा/ईएमएस 14 जून 2026