कोरबा (ईएमएस) कोरबा जिलान्तर्गत पाली-सिल्ली 21.481 किमी मुख्यमार्ग पर ग्राम पोड़ी के समीप पुलिया की एप्रोच रोड का एक हिस्सा पिछले साल की भारी बारिश में क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन संबंधित अधिकारियों और निर्माण एजेंसी ठेकेदार ने आज पर्यन्त इसके सुधार कार्य की सुध नही ली। माना जा रहा हैं की बरसात पूर्व मरम्मत नहीं हुआ तो पुल और सड़क के बहने अथवा कटाव खतरा है। पाली से सिल्ली मार्ग पर पोड़ी के निकट मुख्यमार्ग का यह धंसा हिस्सा हादसों को खुला न्योता दे रहा है। इस बरसात स्थिति और भी भयावह हो सकती है। लोक निर्माण विभाग द्वारा मार्ग के पुर्ननिर्माण और उन्नयन कार्य के लिए गत 15 जून 2020 को कार्यदेश जारी किया गया था। कार्य अवधि 20 माह तय थी और निर्माण का जिम्मा एक निजी कंपनी को सौंपा गया था, लेकिन करोना त्रासदी की वजह से निर्माण नियत अवधि से 2 साल विलंब पूर्ण हुआ। देर आए-दुरुस्त आए की तर्ज पर इस मुख्यमार्ग का कायाकल्प तो हुआ और करोड़ो खर्च के बाद लोगों को उम्मीद थी कि अब वर्षों तक सड़क की चिंता नही रहेगी, लेकिन इस निर्माण के बाद गत भारी बारिश में ग्राम पोड़ी के पास मुख्यमार्ग पर पुलिया किनारे का एक बड़ा हिस्सा धंस गया है। एप्रोच रोड के धंसने और क्रैश बेरियर टूटकर लटकने से यह हिस्सा किसी बड़े सड़क हादसे को खुला न्योता दे रहा है, क्योंकि जहां सड़क का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ है, वहां नीचे नाला बह रहा है और ऊपर से रोजाना सैकड़ो हल्के, भारी वाहन गुजर रहे हैं। ग्रामीणों के मुताबिक विभागीय अधिकारियों को कई बार मौखिक/लिखित सूचना देने और सुशासन तिहार में फरियाद लगाने के बाद भी नतीजा सिफर रहा है। - 14 जून