- टैंकर बाइक को लगभग 100 मीटर तक घसीटा - आक्रोशित परिजनों ने फैक्ट्री गेट पर शव रखकर किया प्रदर्शन कोडरमा (ईएमएस)। तिलैया एनएच-20 पर महतोआरा के पास एक तेज रफ्तार तेल टैंकर ने बाइक सवार मजदूर को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टैंकर बाइक सहित सवार को लगभग 100 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जानकारी के मुताबिक, गुमो निवासी 45 वर्षीय अनिल यादव अपनी बाइक से महतोआरा से घर लौट रहे थे, तभी पीछे से आ रहे अनियंत्रित टैंकर ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया। इस हादसे में बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और अनिल यादव के सिर व पैर में गंभीर चोटें आईं। घटना की सूचना मिलते ही तिलैया थाना प्रभारी विनय कुमार अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे और घायल को तत्काल पुलिस वाहन से कोडरमा सदर अस्पताल पहुंचाया। वहाँ डॉक्टरों ने उनकी नाजुक हालत को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया, लेकिन रिम्स ले जाने के दौरान रास्ते में ही अनिल यादव ने दम तोड़ दिया। मौत के बाद शव को वापस उनके घर लाया गया, जिससे परिजनों में कोहराम मच गया। मृतक अनिल यादव स्थानीय एक निजी फैक्ट्री में मजदूरी कर अपने परिवार का एकमात्र सहारा थे और उन्हीं के भरोसे पूरे घर का भरण-पोषण होता था। इस घटना से आक्रोशित परिजनों और ग्रामीणों ने शव को कोडरमा केमिकल्स से निकले उसी तेल टैंकर से संबंधित फैक्ट्री के मुख्य गेट पर रखकर जाम लगा दिया। ग्रामीण और परिजन उचित मुआवजे की मांग को लेकर गेट के सामने धरने पर बैठ गए हैं। मृतक के पुत्र बिट्टू यादव ने बताया कि परिवार में उनके अलावा एक जवान बहन और एक छोटा भाई है, जिनकी पूरी जिम्मेदारी अब उन पर आ गई है। परिजनों की मांग है कि फैक्ट्री संचालक पीड़ित परिवार को उचित आर्थिक सहायता दे, ताकि उन्हें सहारा मिल सके। फिलहाल घटना की जानकारी मिलने के बाद तिलैया थाना पुलिस मौके पर डटी हुई है और आक्रोशित लोगों को समझा-बुझाकर जाम हटाने का प्रयास कर रही है। - ईएमएस 14 जून 2026