- बुधवारी बायपास कांड मृत्यु पश्चात हत्या में तब्दील हुआ मामला कोरबा (ईएमएस) कोरबा अंचल के बुधवारी बायपास मार्ग पर विगत 6-7 जून की दरम्यानी रात हुए सनसनीखेज घटनाक्रम में गंभीर रूप से घायल पुलिस विभाग कोरबा में पदस्थ सहायक उप निरीक्षक (एएसआई) रामनारायण रात्रे के पुत्र चंद्रमणि रात्रे ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। रायपुर स्थित रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल में 12 जून को उनकी मृत्यु हो जाने के बाद अब यह मामला हत्या में तब्दील हो गया है। 13 जून 2026 को उनके गृह ग्राम पंतोरा से लगे गांव बकसरा (जिला जांजगीर-चांपा) में गमगीन माहौल में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जिसमें पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारी सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए। जानकारी के अनुसार घटना की रात एक बोलेरो वाहन ने चंद्रमणि को जोरदार टक्कर मार दी थी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। हादसे के बाद मौके पर मौजूद उनके मित्र युवा पत्रकार और साथी स्कूटी से बोलेरो का पीछा करते हुए बलगी मार्ग तक पहुंचे। आरोप है कि इसके बाद वेन्यू कार और मोटरसाइकिल सवार लोगों ने उनका पीछा किया और पत्रकार का अपहरण कर बलगी मोड़ के पास ले जाकर 25 से 30 लोगों ने मारपीट की। पिस्टलनुमा हथियार दिखाकर हवाई फायर करने तथा नकदी, आईफोन और सोने के आभूषण लूट लेने का भी आरोप लगाया गया है। घटना के तीन दिन बाद संबंधित वेन्यू कार लावारिस हालत में बरामद हुई, जबकि पत्रकार का मोबाइल मिलने के बाद उसे बांकीमोंगरा थाना में जमा कराया गया। घायल की मौत के बाद मामला हत्या में बदल गया है। - 14 जून