क्षेत्रीय
14-Jun-2026
...


कोरबा (ईएमएस)। कोरबा जिलान्तर्गत पर्यावरण विभाग की टीम ने डीडीएम रोड पर एक मुखबीर सूचना के आधार पर नाकेबंदी कर करोड़ों रुपये की अवैध बैटरियों से भरी एक विशाल लॉरी को रंगे हाथों ज़ब्त कर लिया। कबाड़ और स्क्रैप के अवैध काले कारोबार के खिलाफ इसे जिले में पर्यावरण विभाग की अब तक की सबसे बड़ी और सीधी कार्यवाही मानी जा रही हैं। इस कार्यवाही से अवैध कबाड़ कारोबारियों और सिंडिकेट चलाने वालों के होश उड़े हुए हैं। जानकारी के अनुसार ज़ब्त बैटरियों की कीमत करोड़ों रुपये आंकी जा रही है। इन पुरानी और कबाड़ हो चुकी बैटरियों को बिना किसी वैध दस्तावेज़, परमिशन या सुरक्षा मानकों के खपाने की तैयारी थी। ​आमतौर पर इस तरह के मामलों में स्थानीय पुलिस या खनिज विभाग कार्यवाही करता है, लेकिन इस बार पर्यावरण विभाग ने खुद कार्यवाही की। विशेषज्ञों के अनुसार, इन बैटरियों में मौजूद लेड (सीसा) और खतरनाक एसिड पर्यावरण और जनस्वास्थ्य के लिए बेहद घातक होते हैं, जिन्हें बिना शासकीय गाइडलाइन के ट्रांसपोर्ट या रीसायकल करना संगीन अपराध की श्रेणी में आता है। बताया जा रहा है कि विभाग को सटीक जानकारी मिली थी कि डीडीएम रोड के रास्ते करोड़ों के अवैध स्क्रैप की एक बड़ी खेप पार होने वाली है। टीम ने बिना वक्त गंवाए जाल बिछाया और गाड़ी को धर दबोचा। विभाग अब गाड़ी के दस्तावेज़ों, पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के उल्लंघन और माल के सोर्स की बारीकी से जांच कर रहा है। माना जा रहा है कि इस मामले में न सिर्फ भारी-भरकम जुर्माना लगेगा, बल्कि सिंडिकेट से जुड़े कुछ बड़े रसूखदारों पर सीधे एफआईआर दर्ज कर गैर-जमानती धाराओं के तहत जेल भेजने की तैयारी है। - ​14 जून