सुपौल, (ईएमएस)। सुपौल जिले के त्रिवेणीगंज थाना क्षेत्र के औरलाहा पंचायत वार्ड संख्या 7 में एक दर्दनाक हादसे में 30 वर्षीय महिला की करंट लगने से मौत हो गई। इस घटना के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया, जबकि मृतका अपने पीछे दो छोटे बच्चों को छोड़ गई हैं। मृतका की पहचान मनोज सादा की पत्नी पिंकी देवी (30) के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, वह घर में पंखा चलाने के लिए बिजली का तार बोर्ड में लगा रही थीं, तभी अचानक वह विद्युत प्रवाह की चपेट में आ गईं। तेज करंट लगने से वह गंभीर रूप से झुलसकर मौके पर ही गिर पड़ीं। परिजनों ने उन्हें बचाने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। सूचना मिलने पर प्रभारी थानाध्यक्ष पिंकी कुमारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचीं और मामले की जांच शुरू की। इधर, घटना की जानकारी मिलने पर स्थानीय विधायक सोनम रानी भी अस्पताल पहुंचीं। उन्होंने शोक संतप्त परिवार से मुलाकात कर संवेदना व्यक्त की और हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया। विधायक ने प्रशासन से पीड़ित परिवार को नियमानुसार सरकारी सहायता उपलब्ध कराने की अपील भी की। - १४ जून/२०२६/ईएमएस