नई दिल्ली (ईएमएस)। ओपनएआई कंपनी ने चैटजीपीटी के मेमोरी सिस्टम में बड़ा अपग्रेड पेश किया है। इस अपडेट का उद्देश्य चैटजीपीटी को यूजर्स की पसंद, आदतों और पुरानी बातचीत को बेहतर ढंग से समझने तथा लंबे समय तक याद रखने में सक्षम बनाना है। कंपनी का दावा है कि नया मेमोरी सिस्टम पहले की तुलना में अधिक स्मार्ट, व्यक्तिगत और सटीक होगा। मालूम हो कि चैटजीपीटी का मेमोरी फीचर पहली बार वर्ष 2024 में लॉन्च किया गया था। उस समय यूजर्स चैटजीपीटी को सीधे बता सकते थे कि वह किसी विशेष जानकारी को याद रखे। इसके बाद चैटबॉट भविष्य की बातचीत में उस जानकारी का उपयोग कर अधिक प्रासंगिक जवाब देने में सक्षम हो जाता था। वर्ष 2025 में ओपनएआई ने इस सुविधा को और उन्नत बनाया। कंपनी ने चैटजीपीटी को पुरानी चैट हिस्ट्री से महत्वपूर्ण जानकारियां पहचानने और उन्हें स्वतः याद रखने की क्षमता प्रदान की। ओपनएआई इस प्रक्रिया को “ड्रीमिंग” नाम से संबोधित करती है। इसके जरिए चैटजीपीटी उपयोगकर्ता की बातचीत के पैटर्न को समझकर समय के साथ बेहतर प्रतिक्रिया देने में सक्षम हुआ। अब पेश किए गए नए अपडेट के साथ मेमोरी सिस्टम को और अधिक उन्नत बनाया गया है। कंपनी के अनुसार, नया सिस्टम तीन प्रमुख पहलुओं पर काम करेगा। पहला, महत्वपूर्ण जानकारियों को लंबे समय तक याद रखना। दूसरा, यूजर की पसंद और व्यवहार को बेहतर तरीके से समझना। तीसरा, समय के साथ पुरानी और अप्रासंगिक जानकारी को अपडेट करते रहना। उदाहरण के लिए, यदि कोई यूजर किसी विशेष शैली में जवाब प्राप्त करना पसंद करता है या किसी परियोजना पर लगातार काम कर रहा है, तो चैटजीपीटी भविष्य की बातचीत में इन प्राथमिकताओं को ध्यान में रखेगा। इसी प्रकार यदि किसी यात्रा या योजना के बारे में पहले चर्चा हो चुकी है और वह पूरी हो चुकी है, तो सिस्टम उसे भविष्य की योजना के रूप में नहीं मानेगा। इस अपडेट के साथ ओपनएआई ने एक नया “मेमोरी समरी” पेज भी पेश किया है। इस पेज पर यूजर यह देख सकेंगे कि चैटजीपीटी उनके बारे में कौन-कौन सी जानकारियां याद रखता है। यदि कोई जानकारी गलत या अप्रासंगिक हो, तो उसे आसानी से बदला, हटाया या नई जानकारी जोड़ी जा सकती है। इससे यूजर्स को अपनी व्यक्तिगत जानकारी पर अधिक नियंत्रण मिलेगा। फिलहाल यह नया मेमोरी सिस्टम अमेरिका में चैटजीपीटी प्लस और प्रो यूजर्स के लिए जारी किया जा रहा है। कंपनी के अनुसार आने वाले सप्ताहों में इसे अन्य देशों के साथ-साथ फ्री और गो प्लान के उपयोगकर्ताओं के लिए भी उपलब्ध कराया जाएगा। सुदामा/ईएमएस 14 जून 2026