इंदौर (ईएमएस)। इन्दौर जिला टेबल टेनिस संगठन के तत्वावधान में अभय प्रशाल में आयोजित सत्र की द्वितीय इन्दौर जिला रैंकिंग टेबल टेनिस स्पर्धा संपन्न हुई। स्पर्धा के फाइनल मुकाबलों में बालक अंडर-11 आयु वर्ग में आर्या गुप्ता, बालिका अंडर-11 वर्ग में दिशा रघुवंशी, बालक अंडर-13 वर्ग में साकार भार्गव और बालिका अंडर-13 वर्ग में सान्वी सिंघल विजेता बने। फाइनल मुकाबलों में बालक अंडर-11 वर्ग में आर्या गुप्ता ने कियान इंगले को 3-1 से पराजित किया। बालिका अंडर-11 वर्ग में दिशा रघुवंशी ने भाव्यांशी सोनी को कड़े मुकाबले में 3-2 से हराकर खिताब जीता। बालक अंडर-13 वर्ग के फाइनल में साकार भार्गव ने आर्यन ठाकुर को 3-2 से शिकस्त दी, जबकि बालिका अंडर-13 वर्ग में सान्वी सिंघल ने आरवी जैन को 3-0 से हराकर खिताबी सफलता अर्जित की। इससे पहले खेले गए सेमीफाइनल मुकाबलों में बालक अंडर-13 वर्ग में आर्यन ठाकुर ने आरव कासठ को 3-2 से और साकार भार्गव ने पूण्यांश जैन को 3-2 से हराकर फाइनल में प्रवेश किया था। बालिका अंडर-13 वर्ग के सेमीफाइनल में सान्वी सिंघल ने दिव्याना जैन को 3-0 से और आरवी जैन ने धृति मेहता को 3-0 से हराकर फाइनल का सफर तय किया था। स्पर्धा के अन्य मुकाबलों के अंतर्गत बालक अंडर-15 वर्ग के शुरुआती दौर में मृदुल पुरोहित ने रक्षित चावड़ा को 3-0 से, आरव कासठ ने साकार भार्गव को 3-0 से, मयंक सादेल ने पूण्यांश जैन को 3-2 से और वंश चौहान ने अर्णव शेलगांवकर को 3-0 से हराकर अगले दौर में जगह बनाई। इसी वर्ग की बालिकाओं में आरवी जैन ने शिदिक्षा जैन को 3-2 से और सान्वी सिंघल ने नेहल नाहर को 3-0 से हराकर अगले दौर में प्रवेश किया। प्रकाश/14 जून 2026