-अमेरिकी हमलों में भारतीय नाविकों की मौत को लेकर मोदी सरकार को घेरा -बोले- भारतीयों की मौत पर अमेरिका ने न अफसोस जताया, न माफी मांगी नई दिल्ली,(ईएमएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने अमेरिकी हमलों में भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्र सरकार को निशाने पर लिया है। उन्होंने केंद्र सरकार को एक आज्ञाकारी नौकर बताते हुए कहा कि देश का सम्मान और रक्षा करने में विफल रही यह सरकार। कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफार्म एक्स पर पोस्ट करते हुए सरकार की विदेश नीति और अमेरिका के प्रति उसके रुख पर तीखे सवाल उठाए हैं। राहुल गांधी ने अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर के बीच हुई बातचीत का हवाला देते हुए कहा, कि अमेरिकी हमलों में भारतीय नागरिकों की मौत के बावजूद अमेरिका ने न तो खेद व्यक्त किया और न ही माफी मांगी। राहुल गांधी ने आरोप लगाया कि अमेरिका लगातार निर्देशात्मक भाषा का इस्तेमाल कर रहा है और भारत सरकार उसका पर्याप्त विरोध तक नहीं कर रही है। उन्होंने कहा कि एक स्वतंत्र राष्ट्र ऐसी भाषा स्वीकार नहीं कर सकता। कांग्रेस नेता ने प्रधानमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्हें आज्ञाकारी नौकर तक बताया और कहा, कि सरकार देश के सम्मान की रक्षा करने में विफल रही है। राहुल गांधी ने एक अन्य पोस्ट में कहा कि भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना सरकार की जिम्मेदारी है। उन्होंने विदेश में फंसे भारतीयों और प्रभावित नाविकों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए सरकार से ठोस कार्रवाई की मांग की। भारतीय नाविकों की मौत के बाद बढ़ा राजनीतिक विवाद गौरतलब है कि ओमान तट के निकट हाल के दिनों में अमेरिकी नौसेना और अमेरिकी सेंट्रल कमांड द्वारा की गई सैन्य कार्रवाई में तीन भारतीय नाविकों की मौत हुई थी। इस घटना के बाद विपक्षी दलों ने केंद्र सरकार पर कड़ा रुख अपनाने का दबाव बढ़ाया है। भारतीय नाविकों की मौत के मुद्दे पर अब राजनीतिक बहस तेज हो गई है। विपक्ष सरकार की विदेश नीति और प्रतिक्रिया पर सवाल उठा रहा है, जबकि सरकार का कहना है कि उसने राजनयिक स्तर पर अमेरिका के समक्ष भारत की आपत्ति स्पष्ट रूप से दर्ज कराई है। वहीं दूसरी तरफ अमेरिका के रुख से लगातार सवाल उठ रहे हैं और सरकार घिरती नजर आ रही है। हिदायत/ईएमएस 14जून26