इन्दौर (ईएमएस) पूर्व अतिरिक्त महाधिवक्ता एवं वरिष्ठ अधिवक्ता मनोज के मुख्य आतिथ्य में हरि ॐ योग केंद्र चेरिटेबल ट्रस्ट इंदौर एवं माधव सृष्टि योग केंद्र के संयुक्त तत्वावधान में योगासन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में द्विवेदी ने कहा कि रोग होने के बाद इलाज कराने की अपेक्षा उनसे बचाव करना अधिक महत्वपूर्ण है। प्रतियोगिता में विभिन्न योग संस्थाओं और केंद्रों की 9 टीमों के 70 प्रतिभागियों ने भाग लिया। प्रतियोगिता समूह आकृति एवं व्यक्तिगत योगासन की दो श्रेणियों में आयोजित की गई। प्रतिभागियों ने कुल 55 योगासनों का प्रदर्शन किया, जिनमें हलासन, शीर्षासन, पक्षी आसन, गरुड़ासन, कूर्मासन, धनुरासन और गोमुखासन प्रमुख रहे। प्रतियोगिता 18 वर्ष से कम, 18 से 35 वर्ष, 36 से 50 वर्ष तथा 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में आयोजित हुई। सबसे कम उम्र की प्रतिभागी 13 वर्ष और सबसे वरिष्ठ प्रतिभागी 78 वर्ष के रहे। समूह प्रतियोगिता में माधव सृष्टि योग केंद्र की टीम प्रथम रही, जबकि श्याम रतन इंस्टिट्यूट ऑफ पैरामेडिकल साइंस-वर्मा यूनियन ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। व्यक्तिगत प्रतियोगिता में 50 वर्ष से अधिक आयु वर्ग में संगीता पाटंग्या प्रथम एवं दिलीप चौधरी द्वितीय रहे। 36 से 50 वर्ष वर्ग में अंजू राजावत प्रथम और निर्भय सिंह द्वितीय रहे। वहीं 18 से 35 वर्ष वर्ग में वेदिका वर्मा ने पहला तथा यश बौरासी ने दूसरा स्थान प्राप्त किया। - 15 जून 2026