15-Jun-2026
...


जांजगीर-चांपा(ईएमएस)। जिले के मुलमुला थाना क्षेत्र में निर्माणाधीन मकान से एयर कंडीशनर और सीलिंग फैन चोरी के मामले का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो सगे भाइयों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी का सामान और वारदात में इस्तेमाल की गई मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। मामला नरियरा निवासी राहुल अग्रवाल की शिकायत पर सामने आया था। उन्होंने पुलिस को बताया कि उनके निर्माणाधीन मकान में 17 एयर कंडीशनर और 4 सीलिंग फैन रखे गए थे, जो फिटिंग के लिए तैयार किए गए थे। 31 मई की सुबह जब वे मौके पर पहुंचे तो मकान का ताला टूटा हुआ था और चार एसी व दो पंखे गायब थे। चोरी गए सामान की कुल कीमत करीब 1.30 लाख रुपये बताई गई है। शिकायत मिलने के बाद मुलमुला पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पाण्डेय के निर्देश पर विशेष टीम गठित की गई, जिसने आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। जांच के दौरान एक संदिग्ध युवक की पहचान ग्राम बनाहिल निवासी अमित केंवट के रूप में हुई। इसी बीच पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि इस वारदात में अमित केंवट अपने बड़े भाई अमर केंवट के साथ शामिल है। सूचना के आधार पर पुलिस ने दबिश देकर अमित को हिरासत में लिया। पूछताछ के दौरान शुरुआत में आरोपी ने पुलिस को गुमराह करने की कोशिश की, लेकिन साक्ष्यों के आधार पर सख्ती से पूछताछ करने पर उसने अपने भाई अमर के साथ मिलकर चोरी करना स्वीकार कर लिया। आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी किए गए चार एयर कंडीशनर, दो सीलिंग फैन और वारदात में इस्तेमाल की गई हीरो स्प्लेंडर मोटरसाइकिल भी बरामद कर ली है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अमित केंवट (22 वर्ष) और अमर केंवट (24 वर्ष), निवासी बनाहिल चट्टानपारा, थाना मुलमुला के रूप में हुई है। दोनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस के अनुसार मामले की आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि आरोपियों की किसी अन्य चोरी की वारदात में संलिप्तता तो नहीं है। सत्यप्रकाश(ईएमएस)15 जून 2026