15-Jun-2026
...


कोंडागांव (ईएमएस)। जिले में नौकरी लगाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी का मामला सामने आया है। पटवारी भर्ती में चयन कराने का झांसा देकर एक बेरोजगार युवक से 6 लाख 50 हजार रुपये लेने के आरोप में कांग्रेस के जिला महामंत्री रितेश पटेल को पुलिस ने गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। मामले के सामने आने के बाद आरोपी को पार्टी से भी निष्कासित कर दिया गया है। जानकारी के अनुसार, ग्राम गिरोला निवासी अभिराम सोरी ने कोंडागांव थाने में शिकायत दर्ज कराई थी कि वर्ष 2017 में पटवारी भर्ती प्रक्रिया के दौरान उसके परिचित ग्राम बफना निवासी रितेश पटेल ने उसे नौकरी दिलाने का भरोसा दिया था। आरोपी ने दावा किया था कि वह चयन प्रक्रिया में मदद कर सकता है और सरकारी नौकरी लगवा देगा। पीड़ित का आरोप है कि इसी भरोसे का फायदा उठाकर आरोपी ने अलग-अलग किस्तों में उससे कुल 6 लाख 50 हजार रुपये ले लिए। लेकिन लंबे समय तक न तो नौकरी लगवाई गई और न ही पैसे वापस किए गए। शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 420 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस अधीक्षक पंकज चंद्रा के निर्देश पर थाना कोंडागांव और साइबर सेल की संयुक्त टीम गठित की गई, जिसने जांच के दौरान आरोपी को उसके निवास से हिरासत में लिया। पूछताछ में रितेश पटेल ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया। इसके बाद रविवार को उसे विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार, आरोपी का आपराधिक इतिहास भी रहा है और वह पहले भी ठगी, बलवा और प्रतिबंधात्मक धाराओं के मामलों में जेल जा चुका है। इधर, मामला सार्वजनिक होने के बाद कांग्रेस संगठन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए रितेश पटेल को पार्टी से निष्कासित कर दिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की आगे की जांच जारी है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि कहीं उसने इसी तरह अन्य लोगों को भी तो ठगी का शिकार नहीं बनाया है। - (ईएमएस)15 जून 2026