- ऑनलाइन सट्टे की लत ने उजाड़ा परिवार, सट्टे में करीब 7 से 8 लाख गंवा चुका आरोपी - माफी मांगने के बहाने पत्नी को पास बुलाया और कर दिया हमला - वारदात से पहले बनाया सेल्फी वीडियो बेंगलुरु (ईएमएस)। आईटी सिटी के महादेवपुरा इलाके से एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है, जहां रविवार शाम एक शख्स ने अपनी होमगार्ड पत्नी की उसके मासूम बच्चों और मायके वालों के सामने ही चाकू से गोदकर बेरहमी से हत्या कर दी। आरोपी पति ने पहले सुलह करने और माफी मांगने के बहाने पत्नी को पास बुलाया और फिर इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। मृतका की पहचान 32 वर्षीय मंजुला के रूप में हुई है, जो महादेवपुरा पुलिस स्टेशन में ही होमगार्ड के पद पर तैनात थी। वहीं, कातिल पति की पहचान प्रदीप के रूप में की गई है। पुलिस तफ्तीश में सामने आया है कि आरोपी प्रदीप को ऑनलाइन बेटिंग (सट्टेबाजी) की बेहद बुरी लत थी। वह ऑनलाइन सट्टे में करीब 7 से 8 लाख गंवा चुका था, जिसकी वजह से वह भारी कर्ज और आर्थिक तंगी में डूब गया था। इसी मुद्दे को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर भारी विवाद होता था। विवाद इतना बढ़ गया था कि मंजुला अपने बच्चों को लेकर बी. नारायणपुरा स्थित अपने मायके में रहने लगी थी और उसने कोर्ट में तलाक की कानूनी प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। परिजनों का आरोप है कि प्रदीप अक्सर मंजुला पर शक भी करता था। वारदात को अंजाम देने से पहले आरोपी प्रदीप ने एक सेल्फी वीडियो भी रिकॉर्ड किया था। इस वीडियो में उसने कबूला कि ऑनलाइन सट्टेबाजी की लत ने उसका पूरा परिवार और जिंदगी बर्बाद कर दी है। वीडियो में उसने अपनी पत्नी के साथ खुद भी जान देने की बात कही थी। रविवार को प्रदीप अपनी ससुराल पहुंचा और हाथ जोड़कर कहने लगा कि वह अपनी गलतियों के लिए माफी मांगना चाहता है और रिश्ते सुधारकर पत्नी-बच्चों को वापस ले जाना चाहता है। जब वह रो-रोकर माफी मांग रहा था, तभी बहस के बीच जैसे ही मंजुला उसके करीब आई, प्रदीप ने अपनी जैकेट में छिपाकर रखा धारदार चाकू निकाल लिया। उसने आव देखा न ताव और बच्चों के चीखने-चिल्लाने के बावजूद मंजुला पर एक के बाद एक करीब 20 बार चाकू से ताबड़तोड़ वार कर दिए। इस खूनी खेल को अंजाम देने के बाद आरोपी ने खुद को भी जख्मी करने की कोशिश की और मौके से फरार हो गया। खून से लथपथ मंजुला को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। महादेवपुरा पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी प्रदीप को गिरफ्तार कर लिया है और मामले की आगे की जांच कर रही है। - ईएमएस 15 जून 2026