15-Jun-2026
...


सरगुजा (ईएमएस)। जिले के गांधीनगर थाना क्षेत्र में एक महिला ने अपने पति और उसके दोस्त के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए दुष्कर्म और प्रताड़ना का मामला दर्ज कराया है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। जानकारी के अनुसार, पीड़िता ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद उसे पता चला कि उसका पति समलैंगिक है। शिकायत में कहा गया है कि पति राजस्थान में रहते हुए डेटिंग एप के जरिए एक व्यक्ति के संपर्क में आया था और करीब तीन महीने पहले उसे अपने घर ले आया। पीड़िता का आरोप है कि इसके बाद से उसे लगातार मानसिक और शारीरिक रूप से प्रताड़ित किया जाने लगा। महिला के अनुसार, पति के दोस्त ने उसके साथ दुष्कर्म किया, जबकि पति उस पर लगातार गलत कार्यों के लिए दबाव बनाता रहा। शिकायत में यह भी बताया गया है कि विरोध करने पर महिला को बंधक बनाकर रखा गया और जान से मारने की धमकी दी गई। घटना से आहत होकर महिला ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।गांधीनगर थाना पुलिस ने बताया कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबंधित धाराओं के तहत अपराध दर्ज कर लिया गया है। मामले में नामजद दोनों आरोपी घटना के बाद से फरार हैं। पुलिस का कहना है कि दोनों आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित कर दी गई है और उनकी तलाश की जा रही है। साथ ही मामले के सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। - (ईएमएस)15 जून 2026